सूरजपुर

भाजपा महिला मोर्चा ने मनाया 12 साल बेमिसाल
18-Jun-2026 8:27 PM
भाजपा महिला मोर्चा ने मनाया 12 साल बेमिसाल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 18 जून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्र सेवा, सुशासन एवं जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भाजपा महिला मोर्चा, जिला सूरजपुर द्वारा ‘12 साल बेमिसाल’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन अटल कुंज भाजपा कार्यालय, सूरजपुर में किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के मुख्य आतिथ्य, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष नूतन विश्वास की अध्यक्षता तथा भाजपा जिला अध्यक्ष मुरली मनोहर सोनी, जिला पंचायत अध्यक्ष चंद्रमणि पैकरा, उपाध्यक्ष रेखा राजवाड़े और महिला मोर्चा प्रभारी संध्या सिंह के विशिष्ट आतिथ्य में संपन्न हुआ।

इस अवसर पर आयोजित भाषण, रंगोली एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं में बड़ी संख्या में महिलाओं एवं युवतियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हुए विकास कार्यों, महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भर भारत, डिजिटल इंडिया और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं पर अपने विचार प्रस्तुत किए।

मुख्य अतिथि लक्ष्मी राजवाड़े ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल में देश के विकास, सुशासन और गरीब कल्याण के लिए ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। विशेष रूप से उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अनेक योजनाओं के माध्यम से महिलाओं के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने का कार्य किया गया है। उन्होंने महिलाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।

महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष नूतन विश्वास ने कहा कि महिला मोर्चा की कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर केंद्र सरकार की जनहितकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार करेंगी और इन योजनाओं का लाभ गरीब एवं जरूरतमंद महिलाओं तक पहुंचाने का प्रयास करेंगी।

भाजपा जिला अध्यक्ष मुरली मनोहर सोनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश प्रत्येक क्षेत्र में विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी भारत का गौरव बढ़ा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के प्रधानमंत्री के संकल्प को पूरा करने में भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता अपना पूर्ण सहयोग देगा।

कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा की जिला महामंत्री देवंती साहू, नेहा तिवारी, उपाध्यक्ष बीना गुप्ता, कोषाध्यक्ष मीना सिंह, मंडल अध्यक्ष सुमित्रा राजवाड़े, सरोज यादव, रंजन गुर्जर, कीर्ति दुबे, पूनम तिवारी, जय भारती, महामंत्री रामकुमारी देवांगन, अनीता सिंह, अरुण गुप्ता, उषा सहित जिला कार्यसमिति सदस्य, मंडल अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के सफल आयोजन पर जिला महामंत्री देवंती साहू एवं नेहा तिवारी ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।


अन्य पोस्ट