सूरजपुर

विद्युत दरों में बढ़ोतरी, कांग्रेस ने घेराव कर पुतला फूंका
17-Jun-2026 10:39 PM
विद्युत दरों में बढ़ोतरी, कांग्रेस ने घेराव कर पुतला फूंका

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर,17 जून। राज्य में बिजली दरों में की गई वृद्धि के विरोध में बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने जोरदार प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष शशि सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने केतका रोड से आक्रोश रैली निकालकर छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (सीएसपीडीसीएल) कार्यालय का घेराव किया और विरोध स्वरूप मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया।

प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष शशि सिंह ने कहा कि एक ओर जनता पहले से ही बढ़ती महंगाई से परेशान है, वहीं दूसरी ओर राज्य सरकार बिजली बिलों में लगातार वृद्धि कर आम लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने बिजली जैसी मूलभूत सुविधा को आमदनी का माध्यम बना दिया है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता के हितों से जुड़े मुद्दों पर चुप नहीं बैठेगी और जनविरोधी नीतियों का पुरजोर विरोध जारी रखेगी।

केतका रोड से शुरू हुई रैली में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां और सरकार विरोधी नारे लिखी पट्टियां लेकर शामिल हुए। सीएसपीडीसीएल कार्यालय पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने मुख्य द्वार पर जमकर नारेबाजी करते हुए कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान सुरक्षा कर्मियों और प्रदर्शनकारियों के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई। बाद में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का पुतला फूंककर अपना विरोध दर्ज कराया।

कांग्रेस नेताओं ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर बढ़ी हुई बिजली दरों को तत्काल प्रभाव से वापस लेने की मांग की।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष शशि सिंह ने  कहा कि यह प्रदर्शन केवल शुरुआत है। यदि सरकार ने बिजली दरों में वृद्धि का फैसला वापस नहीं लिया, तो कांग्रेस पूरे जिले में चक्का जाम और व्यापक जनआंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

प्रदर्शन में जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे। इनमें महामंत्री संजय दोसी, इस्माइल खान, विद्यासागर सिंह, सुनील अग्रवाल, परवेश गोयल, महेंद्र साहू, अरविंद यादव, लवकेश गुर्जर, संतोष पावले, प्रदीप साहू, विक्की समददार, अविनाश साहू, चंद्रदत्त दुबे, सुनील सारथी, वेद प्रकाश मिश्रा, सहित अन्य बड़ी संख्या में कांग्रेसी उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट