सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
प्रतापपुर,17 जून। खरीफ सीजन की शुरुआत के साथ ही किसानों की समस्याओं को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश किसान विकास महासंघ ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। महासंघ ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) प्रतापपुर को ज्ञापन सौंपते हुए किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद, बीज और डीजल उपलब्ध कराने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि समय रहते समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो किसान आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
किसान महासंघ के प्रांताध्यक्ष विद्यासागर सिंह के साथ नवीन जायसवाल संजीव श्रीवास्तव त्रिभुवन सिंह एवं सरपंचो ने ज्ञापन सौंप कहा गया है कि खरीफ सीजन किसानों के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है, लेकिन हर वर्ष की तरह इस बार भी खाद और बीज की उपलब्धता को लेकर किसानों में चिंता बनी हुई है। यदि समय पर यूरिया, डीएपी और अन्य उर्वरक उपलब्ध नहीं हुए तो खेती-किसानी प्रभावित होगी और इसका सीधा नुकसान किसानों को उठाना पड़ेगा।
ज्ञापन में मांग की गई है कि किसानों को उनके रकबे के अनुसार पर्याप्त मात्रा में उर्वरक एवं गुणवत्तायुक्त बीज उपलब्ध कराया जाए। जिन किसानों का किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) नहीं बना है, उन्हें भी खाद प्राप्त करने की वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही कृषि कार्यों के लिए पर्याप्त मात्रा में डीजल उपलब्ध कराने की मांग भी की गई है।
महासंघ ने खाद की कालाबाजारी और मनमानी कीमतों पर भी चिंता जताई है। किसानों का आरोप है कि कई निजी दुकानों में खाद की उपलब्धता और वितरण को लेकर पारदर्शिता नहीं रहती, जिससे किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसके लिए निजी दुकानों की निगरानी हेतु शासकीय समिति गठित करने तथा प्रतिदिन आवक-जावक का रिकॉर्ड रखने की मांग की गई है। साथ ही निजी दुकानों में बिक रहे बीजों की गुणवत्ता की जांच कराने की भी मांग उठाई गई है।
किसान नेताओं ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि यदि प्रशासन ने किसानों की मांगों को गंभीरता से नहीं लिया और खाद-बीज संकट का समाधान नहीं किया तो व्यापक धरना-प्रदर्शन, चक्काजाम और आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसानों की अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी और खेती-किसानी से जुड़े मुद्दों पर किसान एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करेंगे। प्रशासन को चेतावनी देते हुए महासंघ ने कहा कि किसी भी आंदोलन की पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।