सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 16 जून। आमजनों को पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन लगातार सतर्कता बरत रहा है। इसी कड़ी में प्राप्त सूचना के आधार पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व प्रतापपुर के नेतृत्व में नायब तहसीलदार, खाद्य निरीक्षक एवं पटवारियों के संयुक्त दल ने प्रतापपुर स्थित शिवम फ्यूल्स पेट्रोल पंप का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण में चौंकाने वाला तथ्य सामने आया। पेट्रोल पंप परिसर में शाम करीब 7 बजे से ईंधन से भरा टैंकर खड़ा मिला, लेकिन इसके बावजूद रात करीब 11 बजे तक पंप को ड्राई रखा गया था। इस दौरान आम नागरिकों को पेट्रोल और डीजल उपलब्ध नहीं होने की बात कहकर वापस भेजा जा रहा था, जिससे लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम (राजस्व) ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए मौके पर आवश्यक निर्देश दिए। प्रशासन की सक्रिय पहल पर टैंकर से पंप के भंडारण टैंकों में ईंधन भरवाया गया, जिसके बाद आम लोगों को नियमित रूप से पेट्रोल और डीजल उपलब्ध कराया जाने लगा।
जिला प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से न केवल लोगों को राहत मिली, बल्कि आवश्यक सेवाओं की निर्बाध उपलब्धता भी सुनिश्चित हुई। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


