सूरजपुर

जयनगर टीआई निलंबित, कई थाना-चौकियों के प्रभार में फेरबदल
14-Jun-2026 10:23 PM
जयनगर टीआई निलंबित, कई थाना-चौकियों के प्रभार में फेरबदल

सूरजपुर, 14 जून। सरगुजा रेंज के आईजी दीपक झा ने जयनगर थाना प्रभारी रूपेश कुंतल एक्का को निलंबित कर दिया है। उन पर केनापारा तेलईकछार निवासी अजय सोनी और मनोज गुप्ता के बीच हुए विवाद के मामले में विवेचना में लापरवाही बरतने का आरोप है।

जानकारी के अनुसार, मनोज गुप्ता पर अजय सोनी को तलवार दिखाकर धमकाने और गाली-गलौज करने का आरोप था। घटना मार्च माह की बताई गई है। पीडि़त द्वारा घटना का वीडियो साक्ष्य उपलब्ध कराने के बावजूद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सामान्य धाराओं में मामला दर्ज किया। मामले की दस्तावेजी शिकायत के बाद आईजी ने तत्काल प्रभाव से टीआई रूपेश कुंतल को निलंबित कर दिया।उनका निलंबन आदेश शुक्रवार को जारी हुआ है

जिसके बाद एसएसपी ने जयनगर थाना प्रभारी के पद पर रक्षित केंद्र में पदस्थ निरीक्षक नरेंद्र मिश्रा की नियुक्ति की है। इसके अलावा भाजपाइयों के कोप के शिकार हुए भटगांव थाना प्रभारी मनोज सिंह को हटाकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय की शिकायत शाखा में पदस्थ किया गया है और उनकी जगह रक्षित केंद्र में पदस्थ निरीक्षक बृजेश सिन्हा को भटगांव का नया थाना प्रभारी बनाया गया है।

जबकि करीब छह माह पूर्व रामानुजनगर में हुए एक्सीडेंट की घटना के बाद हटाए गए निरीक्षक राजेंद्र साहू को पुन: रामानुजनगर थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है। यहां पदस्थ उपनिरीक्षक गंगा साय पैकरा को सलका चौकी प्रभारी नियुक्त किया गया है। सलका चौकी प्रभारी एएसआई गुड्डू कुशवाहा को प्रेमनगर, जबकि उपनिरीक्षक सरफराज फिरदौसी को खडग़वां चौकी प्रभारी बनाया गया है।

पुलिस महकमे में लगातार हो रहे प्रभार परिवर्तन को लेकर महकमे में ही अधिकारी कर्मचारियों के बीच दबी जुबान में चर्चा है कि अल्प समय में अधिकारियों के तबादले और प्रभार बदलने से पुलिसकर्मियों का मनोबल प्रभावित हो रहा है और इससे बेहतर कार्य निष्पादन पर भी असर पड़ सकता है।


अन्य पोस्ट