सूरजपुर

सूरजपुर पुलिस ने लौटाए 50 लाख के 293 गुम मोबाइल
13-Jun-2026 9:44 PM
सूरजपुर पुलिस ने लौटाए 50 लाख के 293 गुम मोबाइल

कई राज्यों से किए गए थे ट्रेस

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 13 जून। सूरजपुर पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर करीब 50 लाख रुपये मूल्य के 293 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंप दिया। मोबाइल वापस मिलने पर नागरिकों ने पुलिस की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।

यह कार्रवाई एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देशन में की गई। अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन एवं गुम मोबाइल नोडल अधिकारी एसडीओपी अभिषेक पैंकरा का मार्गदर्शन रहा।

साइबर सेल प्रभारी जावेद मियादाद के नेतृत्व में साइबर सेल टीम ने जिले के सभी थाना-चौकी स्टाफ के सहयोग से गुम मोबाइलों को ट्रेस किया। मोबाइलों की खोज सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर  पोर्टल की तकनीकी सहायता से की गई। पुलिस ने विभिन्न जिलों और राज्यों से मोबाइल बरामद किए, जिनमें एप्पल, सैमसंग, ओप्पो, वीवो, रेडमी और वन प्लस जैसी कंपनियों के महंगे स्मार्टफोन शामिल हैं।

शुक्रवार, 12 जून को जिला पुलिस कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में एसएसपी ने नागरिकों को उनके गुम मोबाइल सौंपे। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी।

इस अवसर पर एसएसपी ने कहा कि तकनीक के बेहतर उपयोग और सतत अभियान के माध्यम से गुम मोबाइलों की बरामदगी एवं साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस लगातार प्रयासरत है।

सूरजपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल गुम होने पर तुरंत सीईआईआर  पोर्टल या नजदीकी थाना एवं साइबर सेल में सूचना दें। वहीं साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें।


अन्य पोस्ट