सूरजपुर

शिवनंदनपुर में सीएम का आगमन, कलेक्टर - एसएसपी ने लिया तैयारियों का जायजा
13-Jun-2026 9:42 PM
शिवनंदनपुर में सीएम का आगमन, कलेक्टर - एसएसपी ने लिया तैयारियों का जायजा

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 12 जून। नवगठित नगर पंचायत शिवनंदनपुर में 17 जून को आयोजित होने वाले नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं 15 पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां तेज हो गई हैं। कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव सहित 5 से 6 कैबिनेट मंत्रियों के शामिल होने की संभावना है। इसे लेकर प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधि तैयारियों में जुट गए हैं।

मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल के वरिष्ठ सदस्यों के संभावित आगमन को देखते हुए शुक्रवार को कलेक्टर रेना जमील और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत सिंह ठाकुर ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सूरजपुर एसडीएम शिवानी जायसवाल, पिलखा नायब तहसीलदार मीना सिंह, नगर पंचायत सीएमओ सुनील सिन्हा, बिश्रामपुर थाना प्रभारी प्रकाश राठौर सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

इस अवसर पर नवनिर्वाचित नगर पंचायत अध्यक्ष रितेश जायसवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष मुरली मनोहर सोनी, अजय गोयल, ललित गोयल, मंडल अध्यक्ष हरीश राजवाड़े समेत भाजपा एवं स्थानीय संगठन के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान सभा स्थल, मंच व्यवस्था, पार्किंग, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति तथा आम नागरिकों के बैठने की व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया गया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को सभी तैयारियां समय सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए।

प्रशासन का अनुमान है कि मुख्यमंत्री और मंत्रियों की मौजूदगी के कारण कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता होगी। इसे देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की जा रही है।

स्थानीय नागरिकों में भी इस आयोजन को लेकर उत्साह का माहौल है। माना जा रहा है कि शपथ ग्रहण समारोह के दौरान क्षेत्र के विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण घोषणाएं हो सकती हैं। ऐसे में 17 जून का यह आयोजन न केवल नगर पंचायत के नए जनप्रतिनिधियों के शपथ ग्रहण का अवसर होगा, बल्कि शिवनंदनपुर के विकास और राजनीतिक भविष्य के लिए भी महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।


अन्य पोस्ट