सूरजपुर
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की पहल से मिलेगा सिंचाई का लाभ
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर,11 जून। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की पहल पर सूरजपुर जिले के विकासखंड भैयाथान स्थित बृजेश्वर सागर जलाशय योजना के नवीनीकरण कार्य के लिए 4 करोड़ 94 लाख 13 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इस परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र की सिंचाई व्यवस्था मजबूत होगी और किसानों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
जल संसाधन विभाग द्वारा स्वीकृत इस योजना के तहत जलाशय के नवीनीकरण से 464 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी। इससे किसानों को समय पर पर्याप्त सिंचाई जल मिलेगा, कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी तथा क्षेत्र की कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।
मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सिंचाई संसाधनों के विकास पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि बृजेश्वर सागर जलाशय के नवीनीकरण से भैयाथान क्षेत्र के किसानों को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा और खेती अधिक लाभदायक बन सकेगी।
इस परियोजना के क्रियान्वयन के लिए मुख्य अभियंता, हसदेव गंगा कछार जल संसाधन विभाग, अंबिकापुर को प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है। यह योजना क्षेत्र में जल संरक्षण, सिंचाई विस्तार और कृषि विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।


