सूरजपुर

कुर्रीडीह जलाशय योजना के जीर्णोद्धार के लिए 4.73 करोड़ मंजूर
11-Jun-2026 3:37 PM
कुर्रीडीह जलाशय योजना के जीर्णोद्धार के लिए 4.73 करोड़ मंजूर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर,11 जून। छत्तीसगढ़ सरकार ने सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और किसानों को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सूरजपुर जिले के भैयाथान विकासखंड स्थित कुर्रीडीह जलाशय योजना के नवीनीकरण एवं जीर्णोद्धार कार्यों के लिए 4 करोड़ 73 लाख 65 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। इस योजना के पूर्ण होने से क्षेत्र के किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

340 हेक्टेयर कृषि भूमि को मिलेगा लाभ

जल संसाधन विभाग के अनुसार, जलाशय के जीर्णोद्धार के बाद इसकी कार्यक्षमता और जल भंडारण क्षमता में सुधार होगा। योजना के सफल क्रियान्वयन से 340 हेक्टेयर कृषि क्षेत्र में सिंचाई सुविधा सुनिश्चित की जाएगी। इससे किसानों को खरीफ और रबी दोनों मौसमों में पर्याप्त पानी उपलब्ध होगा तथा उत्पादन बढ़ाने में मदद मिलेगी।

किसानों की आय बढ़ाने में मिलेगी सहायता

सिंचाई सुविधाओं के विस्तार से क्षेत्र के सैकड़ों किसान परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा। जल उपलब्धता बढऩे से फसल विविधीकरण, बेहतर उत्पादन और कृषि आधारित आय में वृद्धि की संभावनाएं भी मजबूत होंगी।

योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जल संसाधन विभाग ने मुख्य अभियंता, हसदेव गंगा कछार जल संसाधन विभाग, अंबिकापुर को कार्यों के निष्पादन की जिम्मेदारी सौंपी है। विभाग द्वारा परियोजना के लिए औपचारिक प्रशासकीय स्वीकृति जारी कर दी गई है तथा निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए हैं।

कुर्रीडीह जलाशय योजना के जीर्णोद्धार से भैयाथान क्षेत्र में सिंचाई व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी और किसानों को लंबे समय तक इसका लाभ प्राप्त होगा।


अन्य पोस्ट