सूरजपुर

सिलौटा में वन भूमि से अवैध कब्जा हटा, निर्माण ध्वस्त किया
10-Jun-2026 10:25 PM
सिलौटा में वन भूमि से अवैध कब्जा हटा, निर्माण ध्वस्त किया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 10 जून। वनमंडल सूरजपुर के प्रतापपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत वन भूमि की सुरक्षा एवं संरक्षण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को ग्राम सिलौटा में वन भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण और निर्माण को संयुक्त प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान ध्वस्त कर दिया गया। वन, राजस्व और पुलिस विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया।

पूर्व में दी गई थी नोटिस और चेतावनी

वन विभाग के अनुसार, प्रतापपुर वन परिक्षेत्र के टुकुडांड सर्किल अंतर्गत चंद्रेली बीट के कक्ष क्रमांक पी-68 में ग्राम सिलौटा निवासी महत्तम पिता रामचंद्र एवं सुखन पिता बिगन द्वारा वन भूमि पर अवैध कब्जा कर खेती की जा रही थी। साथ ही वहां कच्चे मकानों का निर्माण भी कर लिया गया था।

इस मामले में वन विभाग द्वारा पूर्व में वन अपराध प्रकरण दर्ज किया गया था। संबंधित व्यक्तियों को भारतीय वन अधिनियम के प्रावधानों के तहत बेदखली के लिए कारण बताओ सूचना पत्र जारी कर विधिवत तामील कराया गया था।

इसके अतिरिक्त 5 जून 2026 को ग्राम पंचायत सिलौटा में मुनादी कर अंतिम चेतावनी भी दी गई थी तथा 48 घंटे के भीतर स्थल खाली करने के निर्देश दिए गए थे।

निर्धारित समयावधि समाप्त होने के बाद 10 जून को वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर वन विभाग, जिला प्रशासन, राजस्व अमला एवं पुलिस बल की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। टीम ने अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाते हुए वन कक्ष क्रमांक पी-68 में किए गए अवैध निर्माण को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया और वन भूमि को कब्जामुक्त कराया।

भविष्य में भी जारी रहेगी सख्त कार्रवाई

वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन भूमि पर अवैध कब्जा एवं निर्माण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शासकीय भूमि और वन संपदा की सुरक्षा के लिए आगे भी इसी प्रकार की वैधानिक एवं प्रशासनिक कार्रवाई जारी रहेगी।

अभियान के दौरान उप वनमंडलाधिकारी प्रतापपुर, वन परिक्षेत्राधिकारी प्रतापपुर, नायब तहसीलदार प्रतापपुर, प्रतापपुर पुलिस बल तथा वन विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे। वनमंडलाधिकारी सूरजपुर के निर्देशानुसार पूरी कार्रवाई संपन्न की गई।


अन्य पोस्ट