सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 9 जून। कोल माइंस ऑफिसर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सीएमओएआई) एसईसीएल शाखा के चुनाव परिणामों में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। संगठन के पूर्व जनरल सेक्रेटरी गौरीशंकर प्रसाद को करारी हार का सामना करना पड़ा, जबकि ए.के. खुल्लर ने शानदार जीत दर्ज करते हुए जनरल सेक्रेटरी (महासचिव)पद पर कब्जा जमाया।
चुनाव परिणामों के अनुसार अध्यक्ष पद पर आशीष त्यागी विजयी घोषित हुए, वहीं उपाध्यक्ष के दो पदों पर तिलकराज और अजय कुमार पंडित निर्वाचित हुए। ज्वाइंट जनरल सेक्रेटरी के दो पदों पर डॉ. अनु नेहा और सुमित कृष्णन ने जीत हासिल की। कोषाध्यक्ष (ट्रेजरर) पद पर अनूप रहाटे तथा ज्वाइंट ट्रेजरर पद पर अजय गुप्ता चुने गए।
फंड गड़बड़ी के आरोपों के बीच हुआ चुनाव
सीएमओएआई का यह चुनाव पूर्व कार्यकारिणी पर लगे कथित फंड गड़बड़ी और मनमानी के आरोपों के साये में संपन्न हुआ। एक समय ऐसा भी आया जब चुनाव टलने की संभावना जताई जा रही थी, लेकिन निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदान और मतगणना की प्रक्रिया पूरी की गई।
6 जून को एसईसीएल मुख्यालय में मतदान हुआ, जबकि 7 जून को एसईसीएल के सभी 13 संचालन क्षेत्रों एवं सेंट्रल वर्कशॉप में मतदान शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। 8 जून को बसंत विहार स्थित कंपनी मुख्यालय में मतगणना शुरू हुई, जो देर रात तक चली। सात राउंड की गिनती के बाद अधिकृत परिणाम घोषित किए गए।
जनरल सेक्रेटरी पद पर ए.के. खुल्लर और गौरीशंकर प्रसाद के बीच सीधा मुकाबला था। मतगणना में ए.के. खुल्लर को 1293 वोट मिले, जबकि गौरीशंकर प्रसाद को 725 वोट प्राप्त हुए। इस तरह खुल्लर ने 568 मतों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की। इस पद पर 21 मत नोटा के पक्ष में पड़े, जबकि 17 मत निरस्त घोषित किए गए।
अध्यक्ष पद पर आशीष त्यागी विजयी रहे। अध्यक्ष पद के लिए चार उम्मीदवार मैदान में थे। परिणाम इस प्रकार रहे— आशीष त्यागी - 1122 मत, शुभंकर परिडा - 741 मत, के.सी. बाल -108 मत, ए.पी. शुक्ला - 51 मत। अध्यक्ष पद पर 16 मत नोटा और 18 मत निरस्त हुए।
उपाध्यक्ष पद पर तिलकराज और अजय पंडित की जीत हुई। दो पदों के लिए हुए चुनाव में—तिलकराज - 1436 मत, अजय कुमार पंडित - 786 मत, संजय साहू - 783 मत, अमित सिंह - 692 मत। सर्वाधिक मत प्राप्त करने वाले तिलकराज और दूसरे स्थान पर रहे अजय कुमार पंडित उपाध्यक्ष निर्वाचित घोषित किए गए।
ज्वाइंट जनरल सेक्रेट्री पद के लिए डॉ. अनु नेहा - 1222 मत, सुमित कृष्णन - 782 मत, नरेंद्र पटेल - 737 मत, निखिल भास्कर - 509 मत, अनिल नामदेव को 447 मत मिले। यहां 12 मत नोटा और 5 मत निरस्त घोषित किए गए। डॉ. अनु नेहा और सुमित कृष्णन विजयी रहे।
ट्रेजरर पद के लिए अनूप रहाटे - 943 मत, पी. चंद्रकांत - 760 मत, हितेश साहू को 307 मत मिले। वहीं ज्वाइंट ट्रेजरर पद के लिए अजय गुप्ता 1082 मत पाकर विजयी रहे।
चुनाव परिणामों में दिखा बदलाव का संदेश
करीब दो हजार से अधिक अधिकारियों ने मतदान में हिस्सा लिया। चुनाव परिणामों को संगठन में बदलाव की इच्छा के रूप में देखा जा रहा है। संगठन में कथित तौर पर 40 लाख रुपये से अधिक के फंड दुरुपयोग के आरोप चुनावी मुद्दा बने रहे और इसका असर परिणामों में भी दिखाई दिया।
चुनाव परिणामों में यह भी चर्चा का विषय रहा कि मैनेजर रैंक के अधिकारियों के समर्थन वाले उम्मीदवारों ने महाप्रबंधक रैंक से जुड़े कई दिग्गजों को पीछे छोड़ दिया। परिणाम घोषित होने के बाद विजयी त्यागी पैनल के समर्थकों ने मिठाइयां बांटकर खुशी मनाई।
चुनाव अधिकारी ने सात चरणों की मतगणना पूरी होने के बाद सभी विजयी उम्मीदवारों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए।


