सूरजपुर

सीएमओएआई चुनाव: संचालन क्षेत्रों में आज होगा मतदान
06-Jun-2026 8:17 PM
सीएमओएआई चुनाव: संचालन क्षेत्रों में आज होगा मतदान

सूरजपुर, 6 जून। कोल माइंस ऑफिसर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सीएमओएआई) की एसईसीएल इकाई के चुनाव के तहत प्रथम चरण का मतदान शनिवार को कंपनी मुख्यालय में संपन्न हो गया। अब दूसरे चरण में रविवार को एसईसीएल के सभी संचालन क्षेत्रों एवं सेंट्रल वर्कशॉप में मतदान कराया जाएगा। इसके लिए प्रत्येक क्षेत्र में चुनाव अधिकारियों की नियुक्ति की गई है।

बिश्रामपुर क्षेत्र में मतदान के लिए उन्नति क्लब को मतदान केंद्र बनाया गया है। चुनाव अधिकारी वी.सी. चतुर्वेदी ने बताया कि क्षेत्र में कुल 140 मतदाता पंजीकृत हैं। मतदान सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक होगा।

कुल आठ पदों के लिए हो रहे चुनाव में 21 प्रत्याशी मैदान में हैं। सचिव पद के लिए वर्तमान सचिव गौरीशंकर प्रसाद और ए.के. खुल्लर के बीच सीधा मुकाबला है। वहीं अध्यक्ष पद के लिए ए.पी. शुक्ला, आशीष त्यागी, कैलाश चंद्र बाल और शुभंकर परिडा चुनावी मैदान में हैं।

इसके अलावा उपाध्यक्ष के दो पदों के लिए चार प्रत्याशी, सह सचिव के दो पदों के लिए पांच प्रत्याशी, कोषाध्यक्ष (ट्रेजरर) के एक पद के लिए तीन प्रत्याशी तथा संयुक्त कोषाध्यक्ष (ज्वाइंट ट्रेजरर) के एक पद के लिए तीन प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि चुनाव प्रक्रिया के बीच बिश्रामपुर क्षेत्र के संगठन सचिव अमरेंद्र नारायण ने सीएमओएआई के फंड में कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच पूरी होने तक चुनाव स्थगित करने की मांग उठाई थी। उन्होंने संगठन के खाते से 40 लाख रुपये से अधिक की कथित वित्तीय गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए संगठन के अध्यक्ष और महासचिव को पत्र लिखकर जांच समिति गठित करने तथा जांच पूरी होने तक चुनाव प्रक्रिया रोकने की मांग की थी।

हालांकि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चुनाव प्रक्रिया जारी है और रविवार को सभी संचालन क्षेत्रों में मतदान संपन्न कराया जाएगा।


अन्य पोस्ट