सूरजपुर

लटोरी में सुशासन तिहार शिविर, 918 आवेदन, हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ
06-Jun-2026 3:21 PM
लटोरी में सुशासन तिहार शिविर, 918 आवेदन, हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

लखनपुर, 6 जून। आकांक्षी विकासखंड लखनपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत लटोरी में शुक्रवार को 18 ग्राम पंचायतों के संयुक्त तत्वावधान में सुशासन तिहार शिविर का आयोजन किया गया। कलेक्टर अजीत वसंत के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा आमजन की समस्याओं का निराकरण किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत सभापति विजय अग्रवाल उपस्थित रहे। उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर शासन की योजनाओं की जानकारी दी और उनकी समस्याएं सुनीं। शिविर में 26 विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी एवं सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।

आधार कार्ड एवं आयुष्मान कार्ड के लिए विशेष शिविर लगाया गया। स्वास्थ्य विभाग ने टीबी मुक्त सरगुजा अभियान के तहत टीबी जांच की। वहीं, बिहान बाजार के माध्यम से राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) से जुड़े स्व-सहायता समूहों ने अपने उत्पादों का प्रदर्शन किया।

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गोदभराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। शिविर के दौरान विभिन्न विभागों की योजनाओं के तहत 50 हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ‘खुशियों की चाबी’, कृषि विभाग द्वारा किसान क्रेडिट कार्ड एवं मृदा स्वास्थ्य कार्ड, स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान कार्ड एवं स्वास्थ्य कार्ड, मनरेगा विभाग द्वारा जॉब कार्ड तथा खाद्य विभाग द्वारा राशन कार्ड वितरित किए गए।

शिविर में कुल 918 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 838 मांग संबंधी एवं 80 शिकायत संबंधी आवेदन शामिल रहे। संबंधित विभागों द्वारा आवेदनों के निराकरण की प्रक्रिया भी प्रारंभ की गई।

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर अतिथियों द्वारा पौधारोपण किया गया। वहीं समाज कल्याण विभाग की ओर से उपस्थित लोगों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई।

कार्यक्रम में उदयपुर एसडीएम, जनपद पंचायत सीईओ, तहसीलदार, विभिन्न विभागों के जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी, कर्मचारी तथा जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट