सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 5 जून। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन और विकास को प्राथमिकता देने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के तहत महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने शुक्रवार को भटगांव विधानसभा क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में आम नागरिकों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के निर्देश भी दिए।
सुशासन तिहार के अंतर्गत आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि शासन का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों से संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करते हुए जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
इस अवसर पर मंत्री ने 6.09 करोड़ रुपये की लागत से स्वीकृत विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं कार्य प्रारंभ पूजन किया। इनमें सडक़, पेयजल, स्वच्छता तथा अन्य बुनियादी जनसुविधाओं से जुड़े निर्माण कार्य शामिल हैं। इन परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र में विकास को नई गति मिलने के साथ नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार कर समावेशी विकास के लक्ष्य को आगे बढ़ा रही है। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच सुविधाओं की खाई कम करने तथा लोगों को बेहतर जीवन स्तर उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही।


