सूरजपुर

साढ़े 8 क्विंटल गांजा जब्त, गिरफ्तार आरोपी न्यायालय में पेश
05-Jun-2026 10:19 PM
साढ़े 8 क्विंटल गांजा जब्त, गिरफ्तार आरोपी न्यायालय में पेश

फरार आरोपियों की तलाश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 5 जून। एनएच-43 पर सिलफिली के पास पकड़े गए करीब 8 क्विंटल 60 किलो गांजा तस्करी मामले में पुलिस ने गिरफ्तार किए गए छह महिला आरोपियों एवं एक बस चालक को शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार गुरुवार को नीलम कंपनी की लग्जरी बस सीजी 15 ईएच 4301 में गांजे को कपड़ों की गठरियों में छिपाकर तथा ऊपर झाड़ू रखकर कटनी ले जाया जा रहा था। बस में सवार संदिग्ध महिला-पुरुषों की गतिविधियों पर अंबिकापुर और सिलफिली के कुछ युवकों को संदेह हुआ, जिसके बाद उन्होंने बस का पीछा करते हुए डायल-112 को सूचना दी।

सूचना मिलने पर पुलिस सक्रिय हुई और एनएच-43 पर बस का पीछा किया गया। इसी दौरान बस रुकते ही कई संदिग्ध मौके से फरार हो गए। बताया जाता है कि बस में 20 से 22 लोग सवार थे। बस चालक भी वाहन छोडक़र भाग निकला, हालांकि बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। बस में मौजूद छह महिलाओं को, जो अपने साथ छोटे बच्चों को भी लिए हुए थीं, स्थानीय युवकों और डायल-112 की टीम की मदद से सिलफिली स्थित दसवीं बटालियन परिसर लाया गया, जहां पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई की।

गिरफ्तार आरोपियों में मध्यप्रदेश के कटनी और पन्ना जिलों की निवासी महिलाएं शामिल हैं। इनमें गोल झरनी (22), उनर बाई (22), रुजीना (25), अटरिया (32), अंट बाई (47) और पेहरी बाई (18) शामिल हैं। वहीं बस चालक छोटन राम, निवासी इटखोरी, जिला चतरा (झारखंड) को भी गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार प्रारंभिक जांच में अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क के तार बंजारा समुदाय के कुछ लोगों से जुड़े होने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि झाड़ू बिक्री की आड़ में लंबे समय से गांजा तस्करी का कारोबार संचालित किया जा रहा था। ओडिशा से कम कीमत पर गांजा लाकर मध्यप्रदेश सहित अन्य राज्यों में ऊंचे दामों पर इसकी बिक्री की जाती थी।

साहसी युवकों को पुरस्कृत करने की मांग

मामले के खुलासे में स्थानीय युवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके द्वारा दिखाई गई सतर्कता और साहस के कारण बड़ी मात्रा में गांजा पकड़ा जा सका। क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों ने सरगुजा रेंज के आईजी और सूरजपुर पुलिस अधीक्षक से इन युवकों को सम्मानित एवं पुरस्कृत करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि संभाग में संभवत: पहली बार इतनी बड़ी मात्रा में गांजा जब्त किया गया है और इसमें स्थानीय युवकों की सक्रिय भूमिका सराहनीय है।

पूरी कार्रवाई में जयनगर, लटोरी तथा अन्य पुलिस टीमों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।

पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी एकत्र कर रही है।

देर रात गिरफ्तारी के बाद भाग निकली महिला पुलिस आधी रात तक रही परेशान

बताया जाता है कि गांजा प्रकरण में पकड़ाई आधा दर्जन  महिलाओं को जब स्वास्थ्य परीक्षण के लिए अस्पताल ले गई, इसी दौरान एक महिला पुलिस को चकमा दे भाग निकली। जिसके बाद हडक़ंप मच गया। पुलिस कर्मी उसे ढूंढने  सर्च अभियान चलाया बस स्टैंड सहित रेलवे स्टेशन में बसों की अंबिकापुर दुर्ग ट्रेन की जांच की गई । लगातार सर्चिंग और दबिश के बाद महिला को देर रात बस स्टैंड से दबोच लिया गया, जिसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली।


अन्य पोस्ट