सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 5 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जिला संयुक्त कार्यालय परिसर स्थित मैदान में पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान कलेक्टर रेना जमील ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण और संवर्धन का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर ने परिसर में लीची का पौधा रोपित किया तथा पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण एक महत्वपूर्ण आवश्यकता बन गया है। प्रत्येक नागरिक को अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ-साथ उनके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए, ताकि आने वाली पीढिय़ों को स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण मिल सके।
कलेक्टर श्रीमती रेना जमील ने कहा कि बढ़ते तापमान और पर्यावरणीय असंतुलन को देखते हुए सभी लोगों को पर्यावरण के प्रति अधिक सजग और संवेदनशील होने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पौधरोपण केवल एक दिन का कार्यक्रम न रहकर जन-आंदोलन का रूप ले, इसके लिए प्रत्येक व्यक्ति को इसे अपने जीवन का हिस्सा बनाना होगा। उन्होंने कहा कि लगाए गए पौधे तभी सार्थक होंगे जब उनकी देखभाल कर उन्हें वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखा जाए। इसलिए सभी लोगों को ‘एक पौधा अवश्य लगाएं और उसकी देखभाल करें ’।
की भावना को अपनाना चाहिए।
इस अवसर पर कलेक्टर ने जिलेवासियों से अपील की कि वे विश्व पर्यावरण दिवस और आगामी वर्षा ऋतु के दौरान कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं तथा उसके संरक्षण का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि स्वच्छ, हरित और स्वस्थ पर्यावरण के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता अत्यंत आवश्यक है।
पौधरोपण कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, हरियाली बढ़ाने और जनसहभागिता को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया।


