सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
प्रतापपुर, 5 जून। खरीफ सीजन के मद्देनजर किसानों को खाद, बीज एवं डीजल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कराने की मांग को लेकर किसान प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) प्रतापपुर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से किसानों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को प्रशासन के समक्ष रखा गया।
किसान नेताओं ने यूरिया, डीएपी सहित अन्य उर्वरकों तथा गुणवत्तायुक्त बीजों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने, सेवा सहकारी समितियों में किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) शीघ्र बनाने और कृषि कार्यों के लिए पर्याप्त डीजल उपलब्ध कराने की मांग की। इसके अलावा निजी दुकानों में खाद एवं बीज की बिक्री पर प्रभावी निगरानी रखते हुए कालाबाजारी पर रोक लगाने तथा किसानों को निर्धारित दर पर सामग्री उपलब्ध कराने के लिए निगरानी समिति गठित करने का आग्रह किया गया।
ज्ञापन में निजी दुकानों में विक्रय किए जा रहे बीजों की गुणवत्ता की नियमित जांच कराने और किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए प्रभावी व्यवस्था लागू करने की मांग भी की गई। किसान प्रतिनिधियों का कहना है कि समय पर खाद, बीज और डीजल उपलब्ध नहीं होने पर खेती-किसानी के कार्य प्रभावित हो सकते हैं।
ज्ञापन सौंपने वालों में नवीन जायसवाल, संजीव श्रीवास्तव, जगत लाल आयाम, विद्यासागर सिंह, विनोद कुमार नेताम एवं त्रिभुवन सिंह टेकाम प्रमुख रूप से शामिल रहे।
किसान नेताओं ने प्रशासन से मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा जताते हुए चेतावनी दी कि समस्याओं का समाधान नहीं होने पर किसानों को आंदोलन और धरना-प्रदर्शन के लिए बाध्य होना पड़ेगा।


