सूरजपुर
प्रतापपुर, 4 जून। प्रतापपुर नगर के बस स्टैंड क्षेत्र सहित कई वार्डों में नालियों की बदहाल स्थिति और सडक़ पर बहता गंदा पानी स्वच्छता व्यवस्था की पोल खोल रहा है।
इस संबंध में नगर पंचायत की सीएमओ यूसीफ्रि या एक्का ने कहा कि जहां-जहां सफाई व्यवस्था प्रभावित है, उसकी जानकारी ली जाएगी और समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।
नगर के वार्ड क्रमांक 4 स्थित बस स्टैंड क्षेत्र, जो प्रतापपुर का सबसे व्यस्त और प्रमुख इलाका माना जाता है, वहां मुख्य नाली की नियमित सफाई नहीं होने से गंदा पानी ओवरफ्लो होकर सडक़ पर बह रहा है। इससे क्षेत्र में कीचड़, दुर्गंध और गंदगी का माहौल बना हुआ है। कई स्थानों पर नालियों के ढक्कन टूटे हुए हैं, जबकि कुछ जगहों पर नालियां कचरे से पूरी तरह जाम पड़ी हैं।
स्थानीय दुकानदारों, व्यवसायियों और रहवासियों का कहना है कि उन्हें लंबे समय से इस समस्या का सामना करना पड़ रहा है। कई बार नगर पंचायत में शिकायत किए जाने के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है। लोगों का आरोप है कि केवल विशेष अवसरों या वीआईपी दौरों के दौरान ही सफाई अभियान चलाया जाता है, जबकि नियमित साफ-सफाई पर ध्यान नहीं दिया जाता।
गर्मी और बरसात के मौसम में नालियों से उठने वाली दुर्गंध तथा गंदगी के कारण क्षेत्र में संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मच्छरों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे डेंगू, मलेरिया, बुखार और त्वचा संबंधी रोगों का खतरा बना हुआ है। बच्चों और बुजुर्गों पर इसका सबसे अधिक प्रभाव पड़ रहा है।
वार्डवासियों ने नगर को ओडीएफ घोषित किए जाने पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि निरीक्षण के नाम पर अधिकारी आते हैं, औपचारिकताएं पूरी कर लौट जाते हैं, लेकिन वास्तविक समस्याओं की ओर ध्यान नहीं दिया जाता।


