सूरजपुर
सूरजपुर, 3 जून। जिले में पुलिस व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में 15 नए उप निरीक्षकों (एसआई) की तैनाती की गई है। बेसिक प्रशिक्षण पूर्ण करने के बाद इन सभी अधिकारियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण के लिए जिले के विभिन्न शहरी एवं ग्रामीण थानों में पदस्थ किया गया है। इस संबंध में डीआईजी एवं एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर द्वारा आदेश जारी किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार नवपदस्थ एसआई को कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों की जांच, पुलिसिंग की कार्यप्रणाली तथा जनसंपर्क से जुड़ी जिम्मेदारियों का व्यावहारिक अनुभव प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण अवधि के दौरान वे अनुभवी पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्य करेंगे। पदस्थापना के तहत थाना सूरजपुर में 4, विश्रामपुर, जयनगर, भटगांव एवं प्रतापपुर में 2-2, जबकि प्रेमनगर, झिलमिली और रामानुजनगर थाना में 1-1 एसआई को प्रशिक्षण के लिए नियुक्त किया गया है।
पुलिस विभाग के अनुसार इस प्रशिक्षण का उद्देश्य नए अधिकारियों को वास्तविक परिस्थितियों में पुलिस कार्यों की समझ विकसित करना है, ताकि वे भविष्य में कानून-व्यवस्था, अपराध अनुसंधान तथा जनता से जुड़े मामलों का प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकें। इससे जिले की पुलिसिंग व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।


