सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बैकुण्ठपुर, 1 जून। थाना बैकुण्ठपुर एवं साइबर सेल की विशेष टीम ने सराफा बाजार स्थित ज्वेलरी दुकान में हुई चोरी का मात्र आधे घंटे में सफलतापूर्वक पर्दाफाश कर दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया तथा चोरी गए आभूषणों की 100 प्रतिशत रिकवरी की।
28 मई को बैकुण्ठपुर स्थित एक ज्वेलरी दुकान में ग्राहक बनकर पहुंची दो महिलाओं द्वारा लगभग 62,000 के सोने एवं चांदी के आभूषण चोरी कर लिए गए थे। घटना की सूचना प्राप्त होते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. सुरेशा चौबे ने मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना बैकुण्ठपुर एवं साइबर सेल की संयुक्त विशेष टीम गठित कर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. सुरेशा चौबे स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे तथा बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। पुलिस टीम द्वारा सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर सूचना के आधार पर त्वरित जांच करते हुए आरोपियों की पहचान सुनिश्चित की गई। पुलिस टीम ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए दोनों महिला आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिनके द्वारा चोरी की घटना स्वीकार की गई। आरोपियों के कब्जे से चोरी गए लगभग 62,000 मूल्य के सोने एवं चांदी के आभूषण पूर्णत: बरामद (100 फीसदी) रिकवरी कर लिए गए।
गिरफ्तार आरोपी में खुशबू सोनवानी, सुनीता सोनवानी, दोनों निवासी केनापारा, जिला कोरिया (छत्तीसगढ़) हैं। आरोपियों के विरुद्ध थाना बैकुण्ठपुर में अपराध क्रमांक 171/2026, धारा 305(अ), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।


