सूरजपुर

सुबह सडक़ों पर उतरीं कलेक्टर, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता परखी
31-May-2026 9:29 PM
सुबह सडक़ों पर उतरीं कलेक्टर, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता परखी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 31 मई। सूरजपुर जिले में सडक़ निर्माण कार्यों की वास्तविक स्थिति और गुणवत्ता का जायजा लेने कलेक्टर रेना जमील रविवार सुबह 6 बजे स्वयं निरीक्षण पर निकलीं। उन्होंने लोक निर्माण विभाग एवं प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना (पीएमजीएसवाई) के अधिकारियों के साथ सूरजपुर, प्रेमनगर और रामानुजनगर क्षेत्र की विभिन्न निर्माणाधीन एवं नवीनीकरण सडक़ों का सघन निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सडक़ की चौड़ाई, ढलान और एलाइनमेंट का बारीकी से परीक्षण किया। गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सडक़ों की खोदाई कराकर विभिन्न परतों की मोटाई की भी जांच कराई गई। साथ ही कॉम्पैक्शन और जल निकासी व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर और सुरक्षित सडक़ संपर्क उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। अच्छी सडक़ों से शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि विपणन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है। उन्होंने निर्माण एजेंसियों को निर्देश दिए कि गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए और सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरे किए जाएं।

इन सडक़ों का किया निरीक्षण प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना के तहत निर्माणाधीन मार्गों में एनएच-43 (तिलसिवा) से भैंसामार गोंड़पारा, लांची से लांची सत्तीपारा, परशुरामपुर-उमेश्वरपुर मार्ग से मोहनपुर पंडोपारा, उमेश्वरपुर से पार्वतीपुर सरईपारा तथा सलका कर्मी टिकरा से लक्ष्मीपुर खास मार्ग शामिल रहे। इसके अलावा कंचनपुर से काशी कुर्रीपारा और प्रेमनगर रोड से राजाकछार मार्ग के नवीनीकरण कार्यों का भी निरीक्षण किया गया।

लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत देवीपुर-महामाया पंडुम मार्ग, बड़ाकापाद-पम्पापुर-कोट-पटना मार्ग, उमेश्वरपुर-कुमरभवना मार्ग, वृंदावन-सलका मार्ग तथा नारा-प्रेमनगर-रामानुजनगर मार्ग सहित अन्य सडक़ों की प्रगति की समीक्षा की गई।

कलेक्टर श्रीमती रेना जमील ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने, गुणवत्ता परीक्षण लगातार कराने तथा 15 जून से पहले अधिकतम कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सडक़ निर्माण में तकनीकी मानकों और सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।


अन्य पोस्ट