सूरजपुर

ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर में निखरी प्रतिभाएं
30-May-2026 10:22 PM
ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर में निखरी प्रतिभाएं

 प्रतिभावान खिलाडिय़ों और प्रशिक्षकों का सम्मान

सूरजपुर, 30 मई। जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 21 दिवसीय जिला स्तरीय ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर 2026 का समापन समारोह मंगल भवन, सूरजपुर में उत्साह और गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ। शिविर का आयोजन 8 से 28 मई तक जिला मुख्यालय सूरजपुर में कलेक्टर रेना जमील के निर्देशानुसार किया गया।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में चन्द्रमणि सिंह पैंकरा उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में डिप्टी कलेक्टर रमेश कुमार मोर तथा वॉलीबॉल संघ के सचिव रामश्रृंगार यादव ने भी सहभागिता निभाई। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं अतिथियों के पुष्पगुच्छ से स्वागत के साथ किया गया।

समारोह के दौरान विभिन्न खेल विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान खिलाडिय़ों एवं प्रशिक्षकों को सम्मानित किया गया। 21 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में अनुशासन, मेहनत और बेहतर खेल कौशल का प्रदर्शन करने वाले प्रत्येक खेल के दो-दो खिलाडिय़ों को विशेष पुरस्कार प्रदान किए गए।  विभिन्न खेलों के प्रशिक्षकों की सक्रिय भूमिका रही। इनमें वॉलीबॉल कोच राजनाथ गुप्ता, स्वीमिंग कोच वेद कुमार, फुटबॉल कोच रामबहादुर लामा, ताइक्वांडो कोच आकाश सोनवानी, बैडमिंटन कोच प्रिंस, वुशु कोच लालजी यादव, खेलो इंडिया लघु केंद्र के फुटबॉल प्रशिक्षक प्रकाश गुप्ता, खो-खो कोच बालेन्द्र साहू तथा कबड्डी कोच सहदेव रवि शामिल रहे।

कार्यक्रम का संचालन सीमांचल त्रिपाठी, सुनैना जायसवाल, बलवीर सिंह एवं आशीष द्वारा किया गया। समापन समारोह में खिलाडिय़ों, अभिभावकों एवं खेल प्रेमियों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही।


अन्य पोस्ट