सूरजपुर

सुशासन शिविर में विरोध प्रदर्शन, जिपं सदस्य हिरासत में
29-May-2026 11:14 PM
सुशासन शिविर में विरोध प्रदर्शन, जिपं सदस्य हिरासत में

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

प्रतापपुर, 29 मई। सूरजपुर जिला के प्रतापपुर विकासखंड के टुकुडांड में आयोजित जिला स्तरीय सुशासन तिहार शिविर के दौरान शुक्रवार को उस समय हंगामे की स्थिति निर्मित हो गई, जब जिला पंचायत सदस्य एवं किसान नेता सुरेश आयाम अपने समर्थकों और ग्रामीणों के साथ विरोध प्रदर्शन करने पहुंच गए। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में काला झंडा और बांहों में काली पट्टी बांधकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। अचानक हुए विरोध प्रदर्शन से शिविर स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

 जिला प्रशासन द्वारा टुकुडांड में सुशासन त्यौहार शिविर आयोजित किया गया था, जहां विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी देने और समस्याओं के निराकरण का दावा किया जा रहा था। इसी दौरान जिला पंचायत सदस्य सुरेश आयाम बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ शिविर स्थल पहुंचे और प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया।

प्रदर्शनकारियों ने ‘सुशासन त्योहार ढकोसला है’, ‘किसानों को न्याय दो’ और ‘जनता की समस्याओं का समाधान करो’ जैसे नारे लगाए। उनका आरोप था कि क्षेत्र में किसानों को समय पर खाद उपलब्ध नहीं हो रही है, जल जीवन मिशन के कई कार्य अधूरे पड़े हैं, सडक़ व्यवस्था जर्जर है तथा ग्रामीण इलाकों में पेयजल संकट लगातार बना हुआ है। इसके अलावा विभिन्न विभागों में भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए प्रदर्शनकारियों ने कहा कि कई बार ज्ञापन देने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं किया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार प्रदर्शन के दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन नारेबाजी जारी रही। स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने हस्तक्षेप करते हुए जिला पंचायत सदस्य सुरेश आयाम को हिरासत में लेकर थाने पहुंचा दिया। उनके कुछ समर्थकों को भी पुलिस अपने साथ ले गई।

घटना के बाद प्रतापपुर क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। ग्रामीणों और समर्थकों ने प्रशासनिक कार्रवाई को जनआवाज दबाने का प्रयास बताया है। वहीं प्रशासन का कहना है कि शासकीय कार्यक्रम में व्यवधान उत्पन्न होने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई।

इस घटनाक्रम के बाद सुशासन त्यौहार की कार्यप्रणाली और प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है।


अन्य पोस्ट