सूरजपुर

आरएसएस का पथ संचलन
29-May-2026 3:57 PM
आरएसएस का पथ संचलन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर,29 मई। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा आयोजित संघ शिक्षा वर्ग (सामान्य) विद्यार्थी वर्ग का आयोजन साधुराम विद्या मंदिर में 16 मई से किया जा रहा है। प्रशिक्षण के नवम दिवस पर संघ के प्रशिक्षणार्थियों ने नगर में भव्य पथ संचलन निकालकर राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, संस्कार, सेवा समर्पण और सामाजिक एकता का संदेश दिया।

पथ संचलन से पूर्व ध्वजारोहण एवं भारत माता की प्रार्थना की गई। इसके बाद घोष वादन के साथ प्रशिक्षणार्थियों का संचलन साधुराम विद्या मंदिर से प्रारंभ होकर कोन्हेर मार्ग, अग्रसेन चौक, नेहरू पार्क, श्याम मंदिर, स्टेडियम एवं अग्रसेन वार्ड होते हुए पुन: साधुराम विद्या मंदिर पहुंचकर संपन्न हुआ। संचलन के दौरान विभिन्न स्थानों पर नागरिकों एवं सामाजिक संगठनों ने पुष्पवर्षा कर स्वयंसेवकों का स्वागत किया। साधु राम प्रहलाद राय अग्रवाल हॉस्पिटल के पास अस्पताल प्रबंधन, कोन्हेर मार्ग में वार्ड पार्षद, त्रिपाठी क्लिनिक के पास आम नागरिकों, अग्रसेन चौक में अग्रसेन सेवा समिति तथा श्याम मंदिर के पास अग्रवाल समाज द्वारा स्वागत किया गया।

पथ संचलन में छत्तीसगढ़ प्रांत प्रचारक अभयराम, शिक्षा वर्ग अधिकारी योगेश्वर प्रसाद सिन्हा, वर्ग पालक गोपाल यादव, वर्ग कार्यवाह क्षीरसागर पटेल, मुख्य शिक्षक राजकुमार कश्यप, सह मुख्य शिक्षक सीताराम धुर्वे, प्रांत बौद्धिक प्रमुख अनिल गरेवाल, सह बौद्धिक प्रमुख रामअवतार साहू सहित विभाग एवं जिला स्तर के स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

 


अन्य पोस्ट