सूरजपुर
सूरजपुर, 27 मई। भीषण गर्मी के बीच एसईसीएल बिश्रामपुर क्षेत्र की कॉलोनियों में पेयजल संकट गहराने लगा है। रिहंद नदी स्थित इंटकवेल पंप हाउस में अचानक तकनीकी खराबी आने से बिश्रामपुर कॉलोनी की जलापूर्ति व्यवस्था प्रभावित हो गई है।
नगर प्रशासन सिविल बिश्रामपुर द्वारा जारी सूचना के अनुसार पंप ब्रेकडाउन होने के कारण फिलहाल कॉलोनियों में केवल 50 फीसदी पानी की सप्लाई ही की जा सकेगी।
जानकारी के मुताबिक रिहंद नदी से कॉलोनियों तक पानी पहुंचाने वाले मुख्य पंप में खराबी आने के चलते जलापूर्ति आधी क्षमता पर संचालित की जा रही है। एसईसीएल नगर प्रशासन का कहना है कि जैसे ही पंप की मरम्मत पूरी होगी, जलापूर्ति व्यवस्था को पुन: शत-प्रतिशत बहाल कर दिया जाएगा।
इधर, भीषण गर्मी के बीच पानी सप्लाई प्रभावित होने की खबर मिलते ही कॉलोनीवासियों की चिंता बढ़ गई है। सुबह और शाम पानी भरने को लेकर लोगों में अफरा-तफरी जैसी स्थिति देखी गई। कई परिवारों ने एहतियात के तौर पर पानी का भंडारण शुरू कर दिया है ताकि समस्या लंबी खिंचने पर परेशानी का सामना न करना पड़े।
गर्मी के मौसम में पहले ही पानी की खपत बढ़ी हुई है, ऐसे में सप्लाई आधी होने से लोगों की दिनचर्या प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। नगर प्रशासन सिविल बिश्रामपुर ने नागरिकों से अपील की है कि वे पानी का उपयोग केवल आवश्यक कार्यों में करें तथा अनावश्यक बर्बादी से बचें। प्रशासन के अनुसार तकनीकी टीम पंप सुधार कार्य में जुटी हुई है और जल्द व्यवस्था सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है।स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष गर्मी के दौरान जलापूर्ति व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव बढ़ जाता है।
ऐसे में पंप हाउस और मशीनों का समय रहते रखरखाव एवं मेंटेनेंस किया जाना चाहिए ताकि कॉलोनीवासियों को पेयजल संकट जैसी समस्याओं का सामना न करना पड़े।


