सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 25 मई। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का संघ शिक्षा वर्ग (सामान्य) विद्यार्थी एवं महाविद्यालय वर्ग साधुराम विद्या मंदिर, सूरजपुर में 16 मई से प्रारंभ होकर 1 जून तक आयोजित किया जा रहा है। शिक्षा वर्ग के नवम दिवस 25 मई को वर्गाधिकारी योगेश्वर प्रसाद सिंह, शिक्षा वर्ग कार्यवाह क्षीरसागर तथा भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ के प्रदेश महामंत्री (संगठन) पवन साय द्वारा साधुराम विद्या मंदिर परिसर में पौधारोपण किया गया।
पौधारोपण कार्यक्रम में उपस्थित प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए पवन साय ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक कर्तव्य है। प्रकृति के संतुलन को बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण किया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए पौधारोपण के साथ-साथ उसके संरक्षण एवं संवर्धन का भी संकल्प लेना होगा।
इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण गतिविधि कोरिया विभाग संयोजक प्रदीप कुमार झा, सेवा विभाग के गौरांग सिंह अधिवक्ता सहित बड़ी संख्या में प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।


