सूरजपुर

कुदरगढ़ धाम में लगी आग, रेलिंग की फाइबर सीटें जली
22-May-2026 11:06 PM
कुदरगढ़ धाम में लगी आग, रेलिंग की फाइबर सीटें जली

 भीषण गर्मी में चिंगारी से भडक़ी आग, दर्जनों सीलिंग फैन भी हुए नष्ट

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 22 मई। सूरजपुर जिले के ओडग़ी विकासखंड स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल कुदरगढ़ पहाड़ पर विराजमान मां बागेश्वरी देवी धाम में शुक्रवार सुबह अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आने से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलिंग के ऊपर लगाई गई फाइबर की 50 से अधिक सीटें जलकर खाक हो गईं। घटना में रेलिंग के नीचे लगे दर्जनों सीलिंग फैन भी जलकर नष्ट हो गए।

कुदरगढ़ चौकी प्रभारी अमरेश सिंह ने बताया कि घटना सुबह करीब 10 से 11 बजे के बीच की है। माता के गर्भगृह से लगभग 100 से 150 मीटर पहले श्रद्धालुओं की कतार व्यवस्था के लिए बनाई गई रेलिंग के पास कई श्रद्धालु दर्शन के बाद नारियल फोड़ते हैं। नारियल के जमा ढेर को साफ करने के उद्देश्य से बैगा द्वारा उसमें आग लगा दी गई थी।

बताया जा रहा है कि भीषण गर्मी और हीट वेव के चलते राख से निकली चिंगारी ने अचानक विकराल रूप ले लिया। देखते ही देखते आग ने रेलिंग के ऊपर लगी फाइबर सीटों को अपनी चपेट में ले लिया और तेजी से फैल गई। आग इतनी तेज थी कि नीचे लगे सीलिंग फैन भी जलकर पूरी तरह नष्ट हो गए।

हालांकि घटना में किसी श्रद्धालु या अन्य व्यक्ति के हताहत होने की खबर नहीं है। वर्तमान में भीषण गर्मी के कारण धाम में श्रद्धालुओं की संख्या अपेक्षाकृत कम है, जिस समय आग लगी, उस वक्त भी मौके पर कम लोग मौजूद थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि आग की सूचना प्रशासन को दिए जाने के बावजूद कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा और केवल फोन पर जानकारी लेकर औपचारिकता निभाई गई।गौरतलब है कि कुदरगढ़ स्थित मां बागेश्वरी देवी धाम सरगुजा संभाग का प्रमुख आस्था केंद्र है, जहां लाखों श्रद्धालुओं की गहरी श्रद्धा जुड़ी हुई है। चैत्र नवरात्रि के दौरान यहां विशाल मेले का आयोजन होता है, जिसमें छत्तीसगढ़ सहित पड़ोसी राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं।


अन्य पोस्ट