सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 22 मई। सूरजपुर पुलिस प्रीमियर लीग (एसपीपीएल) रात्रिकालीन क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने किया। आईपीएल की तर्ज पर आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों में टीम भावना विकसित करना, उन्हें मानसिक एवं शारीरिक रूप से फिट रखना तथा पुलिस और आमजन के बीच बेहतर सामंजस्य स्थापित करना है।
उद्घाटन अवसर पर एसएसपी प्रशांत ठाकुर ने कहा कि पुलिस अधिकारी एवं जवान लगातार ड्यूटी में व्यस्त रहते हैं, ऐसे में खेलकूद उनके तनाव को कम करने में सहायक होगा। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता के जरिए पुलिस और जनता के बीच संबंधों को और मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रतियोगिता में पुलिस अनुभाग अंतर्गत आने वाले थानों के अधिकारी-कर्मचारी एवं विभिन्न ग्रामों की टीमें हिस्सा ले रही हैं।
प्रतियोगिता का पहला मुकाबला बजरंग इलेवन और मनी इलेवन के बीच खेला गया, जिसमें बजरंग इलेवन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मनी इलेवन को 30 रनों से पराजित किया। रोमांचक मुकाबले को देखने बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचे।
रक्षित निरीक्षक अशोक गिरी द्वारा प्रतियोगिता का शानदार आयोजन कराया गया। टूर्नामेंट में डीएसपी स्तर के अधिकारियों से लेकर आरक्षकगण और ग्रामीण टीमों की भागीदारी देखने को मिल रही है। आयोजन को लेकर पुलिस विभाग की पहल की सराहना की जा रही है।
इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन, एसडीओपी अभिषेक पैंकरा, पुलिस अधिकारी, जवान, पुलिस परिवार के सदस्य एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।


