सूरजपुर
67 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास, हितग्राहियों को मिली सहायता
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 21 मई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को जनपद पंचायत रामानुजनगर के ग्राम रामपुर में आयोजित सुशासन तिहार अंतर्गत जनसमस्या निवारण शिविर में शामिल होकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। मुख्यमंत्री ने लोगों की समस्याएं सुनीं तथा मौके पर ही अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 66.99 करोड़ रुपये की लागत से 87 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। साथ ही 116 हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के तहत सहायता राशि एवं सामग्री का वितरण भी किया गया। मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन कर योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति शासन के प्रति जनता के विश्वास को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि सरकार स्वयं गांव-गांव पहुंचकर यह सुनिश्चित कर रही है कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने बताया कि 10 जून तक प्रदेश के सभी 33 जिलों के दौरे का लक्ष्य रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने किसानों, महिलाओं और ग्रामीणों के लिए संचालित योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार ने 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए हैं तथा किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है। उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत लगभग 70 लाख महिलाओं को लाभ मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन जल्द प्रारंभ की जाएगी, जिससे नागरिक टोल फ्री नंबर के माध्यम से अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त कर सकेंगे। साथ ही मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना एवं प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की।
धान बुवाई के मौसम को देखते हुए मुख्यमंत्री ने किसानों को आश्वस्त किया कि खाद, बीज, नैनो डीएपी एवं नैनो यूरिया की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं, जिनमें— रामानुजनगर में मिनी स्टेडियम निर्माण, ग्राम पटना में हायर सेकेंडरी स्कूल भवन निर्माण, नगरपालिका सूरजपुर में पॉलिटेक्निक कॉलेज की बाउंड्रीवाल निर्माण शामिल हैं।
छत्तीसगढ़ी संस्कृति से जुड़ाव का संदेश
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री किसान रघुनंदन सिंह के निवास पहुंचे, जहां उन्होंने हितग्राहियों के साथ छत्तीसगढ़ी पारंपरिक भोजन का आनंद लिया। सरई पत्ते के दोना-पत्तल में परोसे गए कोयलार भाजी, ईढऱ एवं आम की चटनी जैसे व्यंजनों का स्वाद लिया तथा मिट्टी के गिलास में जल ग्रहण कर छत्तीसगढ़ी संस्कृति से अपने जुड़ाव का संदेश दिया।
महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े ने कहा कि सुशासन तिहार शासन की संवेदनशीलता का प्रतीक है, जहां सरकार स्वयं जनता के द्वार पहुंचकर समस्याओं का समाधान कर रही है। वहीं विधायक भूलन सिंह मरावी ने इसे सुशासन की अवधारणा को साकार करने वाला अभियान बताया।
कार्यक्रम में वन विकास निगम अध्यक्ष रामसेवक पैकरा, भाजपा जिलाध्यक्ष मुरली मनोहर सोनी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष रेखालाल राजवाड़े, प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, जनसंपर्क आयुक्त रजत बंसल, कलेक्टर रेना जमील, एसएसपी प्रशांत ठाकुर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।


