सूरजपुर

खाद्य मंत्री ने डायल-112 वाहनों को किया रवाना
21-May-2026 10:22 PM
खाद्य मंत्री ने डायल-112 वाहनों को किया रवाना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 21 मई। छत्तीसगढ़ में आपातकालीन सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में नेक्स्ट जेन सीजी डायल-112 सेवा का विस्तार किया गया है। इसी क्रम में बुधवार को सूरजपुर जिले के विभिन्न थानों के लिए प्राप्त 11 डायल-112 वाहनों को खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री दयालदास बघेल ने स्थानीय सर्किट हाउस में विधिवत पूजा-अर्चना के बाद हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

उल्लेखनीय है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 18 मई को प्रदेश के सभी 33 जिलों में नेक्स्ट जेन सीजी डायल-112 आपातकालीन सेवा का शुभारंभ किया था।

इस अवसर पर मंत्री दयालदास बघेल ने कहा कि डायल-112 एक एकीकृत हेल्पलाइन सेवा है, जिसके माध्यम से नागरिक संकट की स्थिति में तत्काल सहायता प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि पुलिस सहायता, एंबुलेंस, आगजनी, फायर एवं आपदा प्रबंधन जैसी सेवाएं अब एक ही नंबर 112 डायल कर उपलब्ध होंगी। सेवा प्रारंभ होने पर उन्होंने जिलेवासियों को बधाई दी।

कलेक्टर रेना जमील ने कहा कि डायल-112 सेवा सडक़ दुर्घटनाओं, मेडिकल इमरजेंसी के साथ-साथ महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा को भी और अधिक मजबूत बनाएगी।

डीआईजी एवं एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने बताया कि डायल-112 सेवा आज से जिले के सभी थानों में प्रारंभ हो गई है। उन्होंने कहा कि इमरजेंसी रिस्पॉन्स सपोर्ट सिस्टम के तहत शहरी क्षेत्रों में 10 मिनट के भीतर तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 30 मिनट के भीतर सहायता पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत 112 डायल कर त्वरित सहायता प्राप्त करें।

कार्यक्रम में प्रदेश कार्य समिति सदस्य भीमसेन अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष मुरली मनोहर सोनी, जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र पाटले, संस्कृति प्रकोष्ठ सह संयोजक धरमवीर सोनी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन, सीएसपी बेनार्ड कुजूर, एसडीओपी अभिषेक पैंकरा सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट