सूरजपुर
प्रभारी मंत्री दयालदास बघेल ने मैडल व पुरस्कार देकर बढ़ाया उत्साह
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
प्रतापपुर/सूरजपुर, 20 मई। छत्तीसगढ़ शासन के सुशासन के संकल्प को धरातल पर उतारते हुए चंदौरा सेक्टर में आयोजित भव्य ‘सुशासन तिहार’ कार्यक्रम में क्षेत्र के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरहरी (प्रतापपुर) की कक्षा 12वीं की छात्रा सुनीता को उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धि के लिए पुरस्कार एवं मैडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में खाद्य, नागरिक आपूर्ति मंत्री तथा सूरजपुर जिले के प्रभारी मंत्री दयालदास बघेल उपस्थित रहे। उनके साथ छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम के अध्यक्ष राम सेवक पैकरा एवं स्थानीय विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते भी कार्यक्रम में मौजूद रहीं।
कार्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी प्रतापपुर द्वारा जारी हायर सेकेंडरी बोर्ड परीक्षा परिणाम 2025-26 की मेरिट सूची के अनुसार ग्राम पोड़ी निवासी सुनीता पिता बुधराम ने कला संकाय में 87.40 प्रतिशत अंक अर्जित कर विकासखंड में छठवां स्थान प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि पर अतिथियों ने उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए सम्मानित किया।
इस अवसर पर छात्रा के माता-पिता भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। बेटी के सम्मानित होने पर उनके चेहरे पर गर्व साफ झलक रहा था। कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य दिलीप तिवारी, राज्यपाल पुरस्कृत एवं पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी स्मृति पुरस्कार प्राप्त वरिष्ठ व्याख्याता अजय कुमार चतुर्वेदी तथा व्याख्याता ए. कुजूर सहित विद्यालय परिवार मौजूद रहा।वरिष्ठ व्याख्याता अजय कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि इस वर्ष विद्यालय का बोर्ड परीक्षा परिणाम भी उत्कृष्ट रहा।
हाई स्कूल (10वीं) का परीक्षा परिणाम 90.6 प्रतिशत तथा हायर सेकेंडरी (12वीं) का परिणाम 87.5 प्रतिशत दर्ज किया गया।
विद्यालय स्टाफ एवं ग्रामीणों ने सुनीता की मेहनत, लगन और सफलता की सराहना करते हुए शुभकामनाएं दी हैं।


