सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 21 मई। नवगठित नगर पंचायत शिवनंदनपुर के पहले चुनाव को लेकर चल रही राजनीतिक हलचल के बीच गुरुवार को नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब चुनावी तस्वीर पूरी तरह साफ हो गई है। पूरे दिन चली मान-मनौव्वल, बैठकों और राजनीतिक रणनीति के बाद कई उम्मीदवारों ने अपने नाम वापस ले लिए, जिसके बाद अब चुनावी मैदान में अंतिम मुकाबले की स्थिति बन गई है।
नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होते ही रिटर्निंग अधिकारी द्वारा चुनाव मैदान में डटे प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह भी आबंटित कर दिए गए। साथ ही अब शिवनंदनपुर नगर पंचायत का चुनाव पूरी तरह प्रचार और जनसंपर्क के दौर में प्रवेश कर गया है। नगर पंचायत गठन के बाद पहली बार हो रहे इस चुनाव को लेकर क्षेत्र में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। गली-मोहल्लों से लेकर चौक-चौराहों तक चुनावी चर्चाएं तेज हो गई हैं। अध्यक्ष पद के चुनाव में भी बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिला।
अध्यक्ष पद हेतु नामांकन दाखिल करने वाले रामलाल सोनी और प्रभात जायसवाल ने कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में अपना नाम वापस ले लिया। दोनों उम्मीदवारों के मैदान से हटने के बाद अध्यक्ष पद पर तीन उम्मीदवार भाजपा से रितेश जायसवाल, कांग्रेस से संजय सोनी व आम आदमी पार्टी से सतपाल साहू के बीच अब त्रिकोणीय मुकाबले के आसार हैं। इसी तरह पार्षद पद के कई वार्डों में भी समीकरण बदले हैं।
वार्ड क्रमांक 1 से संतोष गुप्ता, वार्ड 6 से मंगल सिंह एवं सीमन सिंह, वार्ड 11 से शुभम जायसवाल, वार्ड 13 से सूरज कुमार साव तथा वार्ड 15 से रिशी खत्री ने अपना नामांकन वापस ले लिया है। नाम वापसी के बाद कई वार्डों में मुकाबला सीधा हो गया है, जबकि कुछ वार्डों में अब भी बहुकोणीय संघर्ष बना हुआ है।
नाम वापसी के बाद अब नगर पंचायत शिवनंदनपुर में अध्यक्ष पद के लिए 3 उम्मीदवार मैदान में रह गए हैं, जबकि पार्षद पद के लिए कुल 52 प्रत्याशी चुनावी रण में अपना भाग्य आजमाएंगे। चुनाव चिन्ह मिलने के साथ ही प्रत्याशियों ने जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। समर्थकों की टोली घर-घर पहुंचकर मतदाताओं को अपने पक्ष में करने में जुट गई है। नगर पंचायत शिवनंदनपुर के पहले चुनाव को लेकर शहरी क्षेत्र के मतदाताओं में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
युवा मतदाता जहां विकास और मूलभूत सुविधाओं के मुद्दे पर चर्चा कर रहे हैं, वहीं बुजुर्ग मतदाता स्थानीय नेतृत्व और सामाजिक समीकरणों को लेकर अपनी राय बना रहे हैं। आने वाले दिनों में यहां का चुनावी माहौल और अधिक गर्म होने की संभावना जताई जा रही है।


