सूरजपुर
सूरजपुर, 21 मई। सूरजपुर जिले के भटगांव थाना क्षेत्र के सोनगरा बाजार में बुधवार शाम सडक़ किनारे खड़ी बोलेरो अचानक धू-धू कर जलने लगी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी कि स्थिति निर्मित हो गई। लोग कुछ समझ पाते, तब तक आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार वाहन मालिक चंद्रिका अंबिकापुर से सोनगरा आए हुए थे। शाम करीब 5.30 बजे उन्होंने अपनी बोलेरो बाजार के पास सडक़ किनारे खड़ी की और सब्जी खरीदने चले गए। इसी दौरान वाहन से अचानक धुआं निकलने लगा और कुछ ही पलों में आग की तेज लपटें उठने लगीं।
आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल वाहन मालिक को सूचना दी, लेकिन जब तक वे मौके पर पहुंचे, आग विकराल रूप ले चुकी थी। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, पर आग इतनी तेजी से फैली कि वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया। वाहन से उठता काले धुएं का गुबार दूर से दिखाई दे रहा था।
बताया जा रहा है कि जली हुई बोलेरो वर्ष 2014 मॉडल की थी तथा वाहन मालिक खडग़वा क्षेत्र के निवासी हैं। घटना के चलते कुछ देर के लिए सडक़ पर यातायात भी प्रभावित रहा।
हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यदि समय रहते लोगों की नजर आग पर नहीं पड़ती, तो आग आसपास खड़े अन्य वाहनों तक भी फैल सकती थी। फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। कुछ लोगों का कहना है कि वाहन स्वामी ने खड़ी गाड़ी में एसी चालू कर रखा था, संभवत: एसी में शॉट सर्किट से आग की आशंका जताई जा रही है। भटगांव पुलिस मामले की जांच कर रही है।


