सूरजपुर
सीएम ने किया वर्चुअल शुभारंभ
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 21 मई। जिला चिकित्सालय सूरजपुर में अत्याधुनिक 32 स्लाइस सीटी स्कैन मशीन की सुविधा शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गुरुवार को वर्चुअल माध्यम से इसका शुभारंभ किया। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, सीजीएमएससी तथा मुख्यमंत्री शासकीय अस्पताल रूपांतरण कोष मद के तहत लगभग 4 करोड़ 49 लाख 99 हजार रुपये की लागत से यह सुविधा स्थापित की गई है।
सीटी स्कैन सुविधा शुरू होने से सूरजपुर जिले की लगभग 9 लाख 11 हजार आबादी के साथ-साथ पड़ोसी जिलों के मरीजों को भी लाभ मिलेगा। स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में इसे जिले के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
इस अत्याधुनिक मशीन के माध्यम से अब सडक़ दुर्घटनाओं में हेड इंजरी, मस्तिष्क में रक्त का थक्का, कैंसर, ट्यूमर, छाती संबंधी संक्रमण, स्ट्रोक (पैरालिसिस), पेट संबंधी बीमारियों और मिर्गी जैसी गंभीर बीमारियों की जांच जिला चिकित्सालय में ही संभव हो सकेगी। पहले मरीजों को इन जांचों के लिए अंबिकापुर रेफर किया जाता था, जिससे समय और आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ता था।
नई सुविधा शुरू होने से अब मरीजों को बाहर जाने की आवश्यकता नहीं होगी।
निजी केंद्रों की तुलना में कम दर पर सीटी स्कैन जांच उपलब्ध कराई जाएगी। जिला चिकित्सालय में रेडियोलॉजिस्ट और प्रशिक्षित टेक्नीशियन सहित 24म7 टीम की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है, ताकि मरीजों को लगातार सेवाएं मिल सकें।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार इस सुविधा से मरीजों और उनके परिजनों पर आर्थिक बोझ कम होगा तथा जिलेवासियों को बेहतर और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा। अधिकारियों ने इसे जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।


