सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
प्रतापपुर, 20 मई। प्रतापपुर स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी (सरसंपारा) के क्वार्टर नंबर ए/6 में छत का प्लास्टर गिरने से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है।
घटना 10 मई की सुबह लगभग 4.30 बजे हुई, जब परिवार सो रहा था। क्वार्टर में निवासरत प्रीतम दास (आदेशिका वाहक, व्यवहार न्यायालय) की पत्नी अंजू दास हादसे की चपेट में आ गईं। छत का प्लास्टर गिरने से महिला के दाहिने हाथ की हड्डी टूट गई है। उनका इलाज हड्डी रोग विशेषज्ञ के पास चल रहा है।
रहवासियों का आरोप है कि महज 4-5 वर्ष पहले बनी इस कॉलोनी के निर्माण में घटिया सामग्री का उपयोग किया गया है।
कर्मचारियों के वेतन से इन आवासों का नियमित किराया काटा जाता है, बावजूद इसके भवन असुरक्षित हैं।
कॉलोनी के कुल 44 क्वार्टरों में विभिन्न विभागों के कर्मचारी अपने परिवारों के साथ रहते हैं। इस घटना के बाद से सभी रहवासियों में अपने आवासों की सुरक्षा को लेकर दहशत है।
पीडि़त परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा कॉलोनी के सभी क्वार्टरों की गुणवत्ता जांच कराने की मांग की है।


