सूरजपुर

20 को देशव्यापी बंद का आह्वान, दवा कारोबारियों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
18-May-2026 3:10 PM
20 को देशव्यापी बंद का आह्वान, दवा कारोबारियों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 18 मई। ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट (एआईओसीडी) के आह्वान पर छत्तीसगढ़ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन (सीसीडीए) ने 20 मई को प्रस्तावित एक दिवसीय राष्ट्रव्यापी बंद को लेकर कलेक्टर सूरजपुर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में दवा व्यापार एवं जनस्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों पर हस्तक्षेप कर केंद्र सरकार तक मांगें पहुंचाने की अपील की गई है।

संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि देशभर के 12.40 लाख से अधिक केमिस्ट एवं वितरकों का प्रतिनिधित्व करने वाली संस्था लंबे समय से लंबित मांगों को लेकर आंदोलनरत है। संगठन का कहना है कि अवैध ई-फार्मेसी संचालन, बड़े कॉर्पोरेट घरानों द्वारा अनुचित मूल्य निर्धारण (प्रिडेटरी प्राइसिंग) तथा दवा वितरण प्रणाली में बढ़ते हस्तक्षेप से छोटे एवं मध्यम केमिस्टों का व्यवसाय प्रभावित हो रहा है।

ज्ञापन में केंद्र सरकार की अधिसूचना त्रस्क्र 817(श्व) दिनांक 28 अगस्त 2018 एवं त्रस्क्र 2020(श्व) दिनांक 26 मार्च 2020 को वापस लेने की मांग की गई है। संगठन का आरोप है कि कोविड-19 काल में जारी की गई व्यवस्थाएं अब जनस्वास्थ्य और पारंपरिक दवा वितरण प्रणाली के लिए खतरा बन रही हैं।

दवा व्यापारियों ने आशंका जताई कि अनियंत्रित ई-फार्मेसी संचालन से बिना चिकित्सकीय पर्चे के दवाओं की बिक्री, एंटीबायोटिक दवाओं का दुरुपयोग, नकली दवाओं की आपूर्ति और एंटी माइक्रोबियल रेजिस्टेंस (एएमआर) जैसी गंभीर समस्याएं बढ़ सकती हैं। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि फार्मासिस्ट और मरीज के प्रत्यक्ष संवाद में कमी आने से जनस्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

संघ ने कलेक्टर से राज्य स्तर पर हस्तक्षेप कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने तथा केंद्र सरकार को उनकी मांगों के समर्थन में अनुशंसा भेजने की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी कि मांगों पर ध्यान नहीं दिए जाने की स्थिति में 20 मई को राष्ट्रव्यापी बंद किया जाएगा।

कलेक्टर को ज्ञापन सौंपने गए  सूरजपुर औषधि विक्रेता संघ के जिला अध्यक्ष विनोद कुमार अग्रवाल,अंबिकेश्वर त्रिपाठी,राकेश प्रजापति,मुकेश अग्रवाल सहित अन्य सदस्य व दवा कारोबारी उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट