सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 12 मई। एसईसीएल बिश्रामपुर क्षेत्र की आमगांव खदान से प्रभावित भू-स्वामियों को चरणबद्ध तरीके से रोजगार प्रदान किया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को प्रभावित परिवारों के आठ सदस्यों को एसईसीएल में नौकरी के लिए नियुक्ति पत्र सौंपे गए।
नियुक्ति पाने वालों में रवि प्रकाश सिंह पिता चित्रांगद सिंह, अनिल प्रताप सिंह पिता हुबलाल सिंह, महेश्वर सिंह पिता देवीप्रताप, मंजीत कुमार पिता हुबलाल सिंह, गोविंद सिंह पिता देवरतन सिंह, किस्मतिया पिता धनसाय, शिवनाथ पिता रामप्रसाद एवं अतवार साय पिता बीरबल शामिल हैं। सभी हितग्राही ग्राम पटना के निवासी बताए गए हैं।
इनमें महिला सदस्य किस्मतिया की पदस्थापना बिश्रामपुर क्षेत्र में की गई है, जबकि अन्य सभी पुरुष सदस्यों को बैकुंठपुर क्षेत्र में पदस्थ किया गया है। क्षेत्रीय महाप्रबंधक डॉ. संजय सिंह ने सभी को नियुक्ति पत्र प्रदान करते हुए कंपनी हित में ईमानदारी और निष्ठा से कार्य करने की सीख दी। उन्होंने कहा कि अब सभी कंपनी के कर्मचारी हैं, इसलिए खदान संचालन में आने वाले अवरोधों को दूर कर कोयला उत्पादन में सहयोग करना उनका दायित्व है।
गौरतलब है कि आमगांव खदान का विस्तार ग्राम पटना क्षेत्र में किया जा रहा है, जहां 464 भू-स्वामियों को रोजगार देने की प्रक्रिया जारी है। अब तक 208 भू-स्वामियों के नौकरी प्रकरण स्वीकृत किए जा चुके हैं, वहीं करीब 81 करोड़ रुपये की मुआवजा राशि वितरित की जा चुकी है।
इधर, पिछले दिनों डायवर्सन सडक़ निर्माण को लेकर खदान क्षेत्र में उत्पन्न विवाद की स्थिति अब सामान्य होती नजर आ रही है। ग्रामीण स्वयं सडक़ निर्माण में सहयोग कर रहे हैं तथा खदान विस्तार में बाधक बन रहे मकानों को खाली कर प्रबंधन को भूमि सौंप रहे हैं। इससे प्रबंधन को खदान संचालन और कोयला उत्पादन में तेजी आने की उम्मीद है।
नियुक्ति पत्र सौंपने के दौरान आमगांव सह क्षेत्र प्रबंधक विजय कुमार,आशीष क्लारेंस, वीसी चतुर्वेदी उपस्थित थे।


