सूरजपुर
सूरजपुर, 11 मई। जिले की नवनियुक्त कलेक्टर रेना जमील ने सोमवार को सूरजपुर जिले की 11वीं कलेक्टर के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालते ही उन्होंने जनहित में पारदर्शी, संवेदनशील और जवाबदेह प्रशासन देने की प्रतिबद्धता दोहराई।
अपने प्रथम संबोधन में कलेक्टर रेना जमील ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रशासन पूरी गंभीरता से कार्य करेगा।उन्होंने बताया कि सुशासन तिहार-2026 का सफल संचालन तथा जनगणना-2027 की तैयारियों को सुव्यवस्थित ढंग से पूरा कराना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। इसके साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सेवाओं को मजबूत करने तथा जिलेवासियों की मूलभूत आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए कार्ययोजना बनाई जाएगी।
कलेक्टर श्रीमती जमील ने कहा कि वे जिले के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों का लगातार दौरा कर वहां की वास्तविक स्थिति का जायजा लेंगी और आम नागरिकों से सीधे संवाद स्थापित कर समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कदम उठाएंगी।
उन्होंने जिले के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपील की है।


