सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर,9 मई। थाना क्षेत्र के ग्राम सतपता में एक 24 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर पुलिस कार्रवाई के डर से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना शुक्रवार दोपहर की बताई जा रही है। युवक की मौत से परिवार और गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार ग्राम सतपता निवासी शैलेश सिंह गोंड़ पिता अजय सिंह गोंड़ पेशे से ड्राइवर था। शुक्रवार को वह श्रीनगर से घर लौटा था और शराब के नशे में बताया जा रहा था। उस समय उसके माता-पिता किसी काम से बाहर गए हुए थे और घर में उसकी 16 वर्षीय बहन अकेली थी।
बताया गया कि शैलेश ने घर पहुंचने के बाद बहन से खाना मांगा। बहन ने खाना बन रहा होने की बात कही, जिससे वह नाराज हो गया और गाली-गलौज करने लगा। इसी दौरान उसने पास में रखी लोहे की रॉड से बहन के पैर में वार कर दिया।
घटना से नाराज बहन ने थाने जाकर रिपोर्ट करने की बात कही। यह सुनने के बाद शैलेश अपने कमरे में चला गया। कुछ देर बाद बहन वापस घर लौटी, तब तक माता-पिता भी घर पहुंच चुके थे। परिवार के लोग जब शैलेश को खोजते हुए कमरे में पहुंचे तो वह फांसी के फंदे पर लटका मिला।
पुलिस के अनुसार युवती थाने पहुंची थी, लेकिन बिना रिपोर्ट दर्ज कराए वापस घर लौट आई थी। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि पुलिस तक मामला पहुंचने और रिपोर्ट दर्ज होने के डर से युवक ने आत्मघाती कदम उठा लिया।
पुलिस ने बताया कि जिस कमरे में शैलेश ने आत्महत्या की, उसी स्थान पर लगभग एक वर्ष पहले उसकी बड़ी बहन ने भी खुदकुशी की थी। इस घटना के बाद परिवार गहरे सदमे में है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।


