सूरजपुर
गेवरा से सपरिवार बिश्रामपुर खोपा धाम आ रहे थे, नई पदस्थापना जॉइन करने जाना था सिंगरौली
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 9 मई। एसईसीएल गेवरा खदान के पूर्व महाप्रबंधक एवं हाल ही में एनसीएल में डायरेक्टर टेक्निकल पद पर चयनित अरुण कुमार त्यागी की शुक्रवार तडक़े सडक़ हादसे में मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही पूरे कोयलांचल क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।
जानकारी के अनुसार अरुण कुमार त्यागी गुरुवार देर रात करीब 12 बजे कंपनी की इनोवा कार से गेवरा से सपरिवार बिश्रामपुर के खोपा धाम दर्शन के लिए रवाना हुए थे। बताया जाता है कि उन्हें रात में बिश्रामपुर के वीआईपी रेस्ट हाउस में रुकना था, लेकिन गेवरा से निकलने में विलंब होने के कारण वे भोर में चोटिया क्षेत्र पहुंचे। इसी दौरान कोरबा-चोटिया मार्ग पर उनकी कार की एक पार्सल वाहन से जोरदार भिड़ंत हो गई।
हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद अरुण कुमार त्यागी वाहन के गेट से बाहर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में उनकी पत्नी को भी चोटें आई हैं।
घटना के बाद उन्हें तत्काल स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर अपोलो अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान शुक्रवार सुबह करीब 3 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताया जाता है कि खोपा धाम में पूजा-अर्चना करने के बाद उन्हें सिंगरौली स्थित एनसीएल मुख्यालय में नई पदस्थापना जॉइन करने जाना था।
अरुण कुमार त्यागी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मेरठ के निवासी थे। उनके परिवार में पत्नी, दो पुत्रियां और एक पुत्र हैं। वे वर्ष 2005 में बिश्रामपुर ओसीएम खदान में सेफ्टी ऑफिसर के रूप में पदस्थ रह चुके थे।
हादसे की सूचना मिलते ही एसईसीएल के अधिकारी, कर्मचारी और शुभचिंतक बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें कुशल प्रशासक, सौम्य व्यक्तित्व और कर्मठ अधिकारी बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
बिश्रामपुर महाप्रबंधक डॉ. संजय सिंह एवं जीएम ऑपरेशन जी.के. रॉय ने उनके असामयिक निधन पर गहरा दुख प्रकट करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।


