सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 9 मई। एसईसीएल की खदानों से करंजी रेलवे साइडिंग तक कोयला परिवहन के कारण वर्षों से जर्जर हो चुकी सडक़ के निर्माण की मांग आखिरकार पूरी होने जा रही है। एसईसीएल भटगांव प्रबंधन ने सीएसआर मद से झुमरपारा ग्राम पंचायत के मंदिर चौक से करंजी रेलवे साइडिंग तक पौने तीन किलोमीटर पक्की सडक़ निर्माण के लिए 5 करोड़ 3 लाख 13 हजार रुपए की राशि स्वीकृत कर दी है। यह निर्णय एसईसीएल बोर्ड की 364वीं बैठक में लिया गया।
जानकारी के अनुसार करीब 2.80 किलोमीटर लंबी इस सडक़ का निर्माण छत्तीसगढ़ ग्रामीण सडक़ विकास अभिकरण (सीजीआरआरडीए), सूरजपुर के माध्यम से कराया जाएगा।
क्षेत्र में लंबे समय से कोयला परिवहन करने वाले भारी वाहनों की लगातार आवाजाही के कारण सडक़ पूरी तरह जर्जर हो चुकी थी। सडक़ पर उडऩे वाली धूल, गड्ढों और दुर्घटनाओं के खतरे से स्थानीय लोग परेशान थे। बरसात के दिनों में हालात और भी खराब हो जाते थे, जिससे स्कूली बच्चों, मरीजों और ग्रामीणों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। सडक़ हादसों में कई लोग अपनी जान भी गंवा चुके हैं।
ग्रामीणों ने कई बार सडक़ जाम कर तथा धरना-प्रदर्शन कर सडक़ निर्माण की मांग उठाई थी। क्षेत्र के भाजपा नेता सत्यनारायण जायसवाल और रामानंद जायसवाल के नेतृत्व में ग्रामीण लगातार आंदोलनरत रहे और शासन-प्रशासन तक अपनी बात पहुंचाई।
ज्ञापन, प्रदर्शन और जनआंदोलन के बाद आखिरकार सडक़ निर्माण को मंजूरी मिल गई।
सडक़ निर्माण की स्वीकृति मिलने से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि अब उन्हें धूल, कीचड़ और दुर्घटनाओं की समस्या से राहत मिलेगी तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और आवागमन की सुविधाएं बेहतर होंगी।
भटगांव क्षेत्र के महाप्रबंधक शरद तिवारी ने बताया कि सडक़ निर्माण की स्वीकृति पूर्व में ही मिल चुकी थी। अब जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर प्राथमिकता के आधार पर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा, ताकि लोगों को जल्द राहत मिल सके।


