सूरजपुर

शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर जुर्माना
09-May-2026 4:40 PM
शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर जुर्माना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 9 मई। जिले में सडक़ दुर्घटनाओं पर नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से सूरजपुर पुलिस द्वारा लगातार सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों समेत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है।

वर्ष 2026 में अब तक शराब पीकर वाहन चलाने के कुल 219 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इन मामलों में वाहनों को जप्त कर चालान न्यायालय में पेश किया गया, जहां  न्यायालय द्वारा आरोपियों पर कुल 20 लाख 1 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा बिना हेलमेट वाहन चलाने के 2250 प्रकरण तथा बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने के 2250 प्रकरण दर्ज किए गए। जिले में कुल 25 हजार 369 प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 86 लाख 65 हजार 200 रुपये का समन शुल्क वसूला है।

इसी क्रम में 6 एवं 7 मई 2026 को यातायात प्रभारी द्वारा कर्मा चौक और अग्रसेन चौक में वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान इनोवा वाहन क्रमांक सीजी 13 एई 1810 तथा पिकअप वाहन क्रमांक सीजी 15 सीवाई 6344 के चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए। दोनों वाहनों को जब्त कर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया गया, जहां इनोवा चालक पर 10 हजार 500 रुपये का जुर्माना लगाया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शराब पीकर वाहन चलाना न केवल चालक के लिए बल्कि सडक़ पर चल रहे अन्य लोगों के लिए भी गंभीर खतरा है। ऐसे मामलों में चालकों के लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई भी कराई जा रही है।

सूरजपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, शराब सेवन के बाद वाहन न चलाएं और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। पुलिस का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


अन्य पोस्ट