सूरजपुर

सडक़ पर बह रहा गंदा पानी, राहगीरों की बढ़ी परेशानी
07-May-2026 10:28 PM
सडक़ पर बह रहा गंदा पानी, राहगीरों की बढ़ी परेशानी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

प्रतापपुर, 7 मई। नगर पंचायत प्रतापपुर के वार्ड क्रमांक 12 बापू वार्ड स्थित मिशन स्कूल रोड चौक में गंदे पानी की निकासी को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। आरोप है कि एक घर से लगातार सडक़ पर गंदा पानी छोड़ा जा रहा है, जिससे राहगीरों और आसपास के लोगों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सडक़ पर बहते गंदे पानी के कारण पूरे क्षेत्र में दुर्गंध और गंदगी का माहौल बना हुआ है। सबसे ज्यादा परेशानी उन लोगों को हो रही है, जो प्रतिदिन इस मार्ग से आवागमन करते हैं। गंदे पानी के कारण सडक़ फिसलनभरी और अस्वच्छ हो गई है, जिससे दुर्घटना और बीमारी का खतरा भी बढ़ गया है।

स्थिति की गंभीरता इस बात से भी समझी जा सकती है कि इसी चौक पर शासकीय प्रतीक्षालय का निर्माण किया गया है, जहां यात्रियों के बैठने और विश्राम की व्यवस्था है। लेकिन प्रतीक्षालय के आसपास फैली गंदगी और बहते गंदे पानी के कारण वहां रुकना तक मुश्किल हो गया है। लोगों का कहना है कि जब आसपास इतनी गंदगी होगी, तो यात्री वहां कैसे बैठ पाएंगे।

स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया है कि जिस मकान से पानी की निकासी की जा रही है, वह स्वयं शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा कर बनाया गया है। इसके बावजूद अब तक संबंधित विभाग और नगर पंचायत द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

नागरिकों के अनुसार, इस मामले की शिकायत पूर्व में भी नगर पंचायत प्रतापपुर में की जा चुकी है, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं। कार्रवाई नहीं होने से लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।

स्थानीय रहवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि सडक़ पर गंदे पानी की निकासी तत्काल बंद कराई जाए, अवैध कब्जे की जांच की जाए और शासकीय प्रतीक्षालय के आसपास साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।

इस विषय में सीएमओ यूसीफ्रिया एक्का ने कहा कि मौके पर जांच टीम भेजती हु सडक़ पर नाली का पानी बहाना बिल्कुल गलत है, कार्रवाई की जाएगी।


अन्य पोस्ट