सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 7 मई। बुधवार देर रात मृत मवेशियों की हड्डियां कार में भरकर ले जा रहे दो युवकों को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया और बस स्टैंड लाकर उनकी जमकर पिटाई कर दी। घटना के बाद क्षेत्र में काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। सूचना मिलने पर बिश्रामपुर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को भीड़ से बचाकर थाना ले गई।
जानकारी के अनुसार तेंदुआ निवासी लकेश्वर घसिया एवं बैकुंठपुर के सरई गहना निवासी गिरधारी कोड़ाकू बुधवार रात कार से बिश्रामपुर जीएम ऑफिस के पीछे स्थित नर्सरी क्षेत्र पहुंचे थे। बताया गया कि यहां मृत मवेशियों को दफनाया जाता है। दोनों युवक मौके पर पड़े मवेशियों की हड्डियां एकत्र कर कार में लोड कर रहे थे।
इसी दौरान वहां से गुजर रहे कुछ स्थानीय युवकों ने उन्हें देख लिया। देखते ही देखते यह जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से क्षेत्र में फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित युवकों ने दोनों को पकडक़र कार सहित बस स्टैंड ले आए, जहां भीड़ ने उनकी पिटाई कर दी।
हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक कुछ लोगों ने कार के शीशे भी तोड़ दिए थे। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए दोनों युवकों और हड्डियों से भरी कार को थाने ले जाकर पूछताछ की।
बिश्रामपुर थाना प्रभारी प्रकाश राठौर ने बताया कि दोनों युवक मृत मवेशियों की हड्डियां ले जा रहे थे और वे लंबे समय से यह काम कर रहे हैं। प्रारंभिक जांच में यह कार्य किसी अपराध की श्रेणी में नहीं पाया गया। आवश्यक पूछताछ एवं बयान दर्ज करने के बाद दोनों युवकों को छोड़ दिया गया।


