सूरजपुर

हाई स्कूल कोट का परीक्षा परिणाम बेहतर, बेटियों ने बढ़ाया मान
02-May-2026 10:05 PM
हाई स्कूल कोट का परीक्षा परिणाम बेहतर, बेटियों ने बढ़ाया मान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 2 मई। माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित कक्षा 10वीं की वार्षिक परीक्षा में शासकीय हाई स्कूल कोट, विकासखंड रामानुजनगर का परीक्षा परिणाम सराहनीय रहा। इस वर्ष छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का गौरव बढ़ाया।

विद्यालय की छात्रा वर्षा प्रजापति ने 80.6 प्रतिशत अंक अर्जित कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं हिरमेन ने 80.5 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय तथा स्वर्गीय प्रीति ने 74.3 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान हासिल किया। उल्लेखनीय है कि परीक्षा उपरांत छात्रा प्रीति का असामयिक निधन हो गया, जिससे विद्यालय परिवार में शोक व्याप्त  है।

परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद विद्यालय में सादे समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत छात्रा स्व प्रीति को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद विद्यार्थियों को मिठाई खिलाकर उनकी सफलता का उत्सव मनाया गया।

प्राचार्य महेश कुमार दोहरे ने सभी सफल विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों एवं शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने विशेष रूप से छात्राओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयां छू रही हैं।

व्याख्याता कमल किशोर पाण्डेय ने भी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए इसे शिक्षकों और स्टाफ की निरंतर मेहनत का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि जिला शिक्षा विभाग द्वारा शैक्षणिक गुणवत्ता सुधार के लिए नियमित कक्षाएं, अतिरिक्त मार्गदर्शन, मॉडल प्रश्न पत्रों का अभ्यास तथा कमजोर विद्यार्थियों के लिए विशेष कक्षाएं आयोजित की गईं, जिनका सकारात्मक परिणाम सामने आया है।

व्याख्याता चांसी प्रसाद कुशवाहा ने सफल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शिक्षकों और अभिभावकों के योगदान की सराहना की।

इसके साथ ही कक्षा 6वीं से 8वीं तक का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा, जहां भी छात्राओं ने ही प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया।

इस अवसर पर व्याख्याता सुरेन्द्र खरे, यदुवंश नारायण साहू, तारकेश सिंह, अनुरंजन टोप्पो, पूर्व माध्यमिक शाला के प्रधान पाठक बाबूलाल साहू, शिक्षक राधेश्याम साहू, खेलसाय पोर्ते एवं उमाशंकर साहू सहित अन्य शिक्षकों ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।


अन्य पोस्ट