सूरजपुर

कलश यात्रा के साथ पंचमुखी हनुमान मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव शुरू
30-Apr-2026 10:25 PM
कलश यात्रा के साथ पंचमुखी हनुमान मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव शुरू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 30 अप्रैल। जिला मुख्यालय से लगे ग्राम पचिरा में श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना हुआ है। रेंड नदी के तट स्थित प्राचीन शिव मंदिर परिसर में नव-निर्मित हनुमान मंदिर में श्री पंचमुखी हनुमान की प्रतिमा स्थापना एवं प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ 29 अप्रैल से हो गया है, जो 3 मई तक चलेगा।

आयोजन की शुरुआत बुधवार को धूमधाम से निकाली गई कलश यात्रा के साथ हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। गुरुवार 30 अप्रैल को प्रतिमा का जलाधिवास, 1 मई को अन्नाधिवास तथा 2 मई को पुष्प, फल अधिवास एवं ग्राम भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

महोत्सव का मुख्य आयोजन 3 मई, रविवार को होगा, जिसमें प्रतिमा स्थापना, प्राण-प्रतिष्ठा, पूर्णाहुति एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। आयोजन के दौरान प्रतिदिन शाम 5 बजे से धार्मिक प्रवचन भी किए जा रहे हैं।

ग्राम पचिरा के समस्त ग्रामवासियों द्वारा आयोजित इस धार्मिक महोत्सव को लेकर क्षेत्र में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं से सपरिवार शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।


अन्य पोस्ट