सूरजपुर
बिश्रामपुर में दुग्ध उत्पादों के नमूने लिए गए
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 28 अप्रैल। स्वास्थ्य सचिव के निर्देश एवं कलेक्टर एस. जयवर्धन के आदेश पर जिले में खाद्य सुरक्षा अभियान की शुरुआत कर दी गई है। गठित विशेष टीम द्वारा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और व्यवसायिक पंजीयन की सघन जांच की जा रही है।
अभियान के प्रथम दिन सूरजपुर जिला मुख्यालय के पुराने बस स्टैंड स्थित चौपाटी और अग्रसेन चौक क्षेत्र में निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान बिना पंजीयन के संचालित दुकानों को नोटिस जारी कर व्यवसायियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण टीम में अभिहित अधिकारी श्रीमती पुष्पा राज चौहान, खाद्य सुरक्षा अधिकारी रामप्रकाश जायसवाल तथा पुलिस विभाग के सदस्य शामिल रहे।
अभियान के दूसरे दिन 28 अप्रैल को बिश्रामपुर क्षेत्र में दुग्ध एवं दुग्ध उत्पाद विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान पनीर के नमूने मानकता जांच के लिए लिए गए। व्यवसायियों को साफ-सफाई बनाए रखने तथा शुद्ध और ताजे उत्पादों के विक्रय के निर्देश दिए गए। अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
बसों का भी हुआ निरीक्षण
टीम द्वारा रायपुर, बिलासपुर और उत्तर प्रदेश से आने वाली बसों की भी जांच की गई, ताकि बाहरी क्षेत्रों से आने वाले दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता पर निगरानी रखी जा सके।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आमजन को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। आने वाले दिनों में भी जिले के विभिन्न क्षेत्रों में यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।


