सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 28 अप्रैल। आमजन को त्वरित राहत देने और पुलिस सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने के उद्देश्य से सूरजपुर पुलिस द्वारा चलित थाना अभियान चलाया जा रहा है। एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर 27 एवं 28 अप्रैल को जिले के 18 ग्रामों में चलित थाना का आयोजन किया गया, जहां पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और कई शिकायतों का मौके पर ही निराकरण किया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य लोगों को छोटी-मोटी समस्याओं के लिए थाने के चक्कर से बचाना और पुलिस की सेवाओं को उनके द्वार तक पहुंचाना है। अभियान के दौरान ग्रामीणों को साइबर अपराध से बचाव, यातायात नियमों के पालन, महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा के लिए बनाए गए ‘अभिव्यक्ति ऐप’ की जानकारी दी गई।
साइबर ठगी से सावधान रहने की अपील
चलित थाना के दौरान पुलिस ने ग्रामीणों को डिजिटल अरेस्ट जैसे नए साइबर फ्रॉड के तरीकों के बारे में विस्तार से बताया। अधिकारियों ने समझाया कि इसमें ठग खुद को पुलिस, सीबीआई या अन्य सरकारी अधिकारी बताकर वीडियो कॉल के जरिए लोगों को डराते हैं और उनसे पैसे ऐंठते हैं। लोगों को ऐसे कॉल या संदेशों से सतर्क रहने और किसी भी स्थिति में गोपनीय जानकारी साझा न करने की सलाह दी गई।
इसके साथ ही म्यूल अकाउंट, एटीएम कार्ड बदलकर ठगी, बैंक अधिकारी बनकर जानकारी हासिल करने जैसे अपराधों के बारे में भी जागरूक किया गया। ग्रामीणों, महिलाओं और बच्चों को कानून संबंधी जानकारी देते हुए अपराध से बचाव के उपाय बताए गए।
अवैध गतिविधियों की सूचना देने अपील
पुलिस अधिकारियों ने गांवों में अवैध शराब, नशे के कारोबार, जुआ जैसे अपराधों की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की। साथ ही सडक़ सुरक्षा नियमों का पालन करने, दुर्घटना की स्थिति में घायलों की मदद कर ‘गुड सेमेरिटन’ बनने और समय पर अस्पताल पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया।
अभियान के दौरान जनप्रतिनिधियों, सरपंचों और ग्रामीणों से सुझाव भी लिए गए। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि आमजन की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए वह सदैव तत्पर है। इस पहल से ग्रामीणों में उत्साह देखा गया और वे पुलिस के साथ सहयोग के लिए आगे आ रहे हैं।


