सूरजपुर

सडक़ निर्माण में देरी से ग्रामीण परेशान
27-Apr-2026 9:06 PM
 सडक़ निर्माण में देरी से ग्रामीण परेशान

सूरजपुर, 27 अप्रैल। विकासखंड सूरजपुर के ग्राम पंचायत रविंद्रनगर नवापारा में निर्माणाधीन सडक़ इन दिनों ग्रामीणों के लिए राहत की बजाय परेशानी का कारण बन गई है। नेशनल हाईवे-43 से गांव तक लगभग 4 किलोमीटर लंबी पक्की सडक़ का निर्माण करीब 6 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है, लेकिन कार्य की धीमी गति और अधूरेपन के कारण लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार सडक़ निर्माण कार्य कछुआ चाल से चल रहा है, जिससे रोजमर्रा के आवागमन में गंभीर समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। विशेष रूप से सब्जी उत्पादक किसानों को अपनी उपज समय पर मंडी तक पहुंचाने में परेशानी हो रही है। खराब सडक़ और अधूरे निर्माण के कारण कई बार वाहन रास्ते में फंस जाते हैं या देर से पहुंचते हैं, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

निर्माणाधीन सडक़ पर दिनभर वाहनों की आवाजाही से उडऩे वाली धूल ने भी हालात बदतर कर दिए हैं। घरों, दुकानों और खेतों में धूल की मोटी परत जम रही है। इससे दमा और अन्य श्वास संबंधी रोगों से पीडि़त लोगों की परेशानी बढ़ गई है, वहीं बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से सडक़ निर्माण कार्य में तेजी लाने और गुणवत्ता के साथ जल्द पूरा कराने की मांग की है। साथ ही धूल नियंत्रण के लिए नियमित रूप से पानी का छिडक़ाव कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील भी की है।

ग्रामीणों का कहना है कि जिस सडक़ से बेहतर आवागमन सुविधा की उम्मीद थी, वही अब उनके लिए परेशानी और संकट का कारण बन गई है।


अन्य पोस्ट