सूरजपुर

शिवानी भूमिगत खदान से कॉपर केबल चोरी, 7 गिरफ्तार
26-Apr-2026 9:23 PM
शिवानी भूमिगत खदान से कॉपर केबल चोरी, 7 गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 26 अप्रैल। भटगांव  पुलिस ने शिवानी भूमिगत खदान में हथियार के दम पर कॉपर केबल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 70 मीटर कॉपर केबल तार, जिसकी कीमत लगभग 2 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है, तथा घटना में प्रयुक्त तलवार व तब्बल भी बरामद किया है। मामले में एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

जानकारी के अनुसार, 24 अप्रैल को शिवानी भूमिगत खान के प्रबंधक चंद्रकांत सोनवानी ने थाना भटगांव में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 20 अप्रैल की सुबह अज्ञात लोग प्रतिबंधित क्षेत्र में घुसकर खदान के अंदर रखे कॉपर केबल तार की चोरी कर ले गए। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी हथियारों के साथ खदान में प्रवेश कर केबल काटते नजर आए थे। हथियारबंद होने के कारण सुरक्षा गार्ड उन्हें रोक नहीं सके।

प्रकरण में थाना भटगांव में अपराध क्रमांक 84/2026 के तहत धारा 307 सहित आम्र्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर पुलिस टीम ने जांच तेज की।

जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर नरेन्द्र सिंह उर्फ पण्डा निवासी कुम्दा बस्ती को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उसने अपने साथियों रवि उर्फ चरण अगरिया, कमलेश सिंह, घुरलू उर्फ घुल्डू पैंकरा, बल्लू सिंह और दिनेश सिंह के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पूछताछ में यह भी सामने आया कि खदान में प्राइवेट ठेकेदार के यहां काम करने वाले धनु सिंह ने केबल की जानकारी देकर चोरी में सहयोग किया था।

पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके निशानदेही पर चोरी गया केबल तार और हथियार बरामद कर लिए हैं। कार्रवाई में थाना प्रभारी मनोज सिंह सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


अन्य पोस्ट